Sat. Jun 14th, 2025

बंधक संकट खत्म:यूक्रेन में राष्ट्रपति ने हॉलीवुड फिल्म का वीडियो पोस्ट किया, इसके बाद किडनैपर ने सभी बस यात्रियों को छोड़ा, सरेंडर किया

यूक्रेन में मंगलवार सुबह एक बस में बंधक बनाए गए सभी यात्रियों को देर रात सुरक्षित छुड़ा लिया गया। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेन्सकी ने यात्रियों की रिहाई के पहले एक हॉलीवुड फिल्म का वीडियो पोस्ट किया। इसके बाद किडनैपर ने यात्रियों को रिहा कर दिया। बाद में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।  हालांकि, यह साफ नहीं है कि हॉलीवुड फिल्म अर्थलिंग्स (Earthlings) का यह वीडियो राष्ट्रपति ने किडनैपर की डिमांड पर पोस्ट किया था या इसकी कोई और वजह थी।

गोलियां भी चलीं
बस को सुबह 9 बजे (लोकल टाइम) हाइजैक किया गया था। 20 पैसेंजर बताए गए थे लेकिन, कुल 13 यात्री ही थे। बंधक संकट के दौरान पुलिस और किडनैपर के बीच गोलियां भी चलीं। हालांकि, किसी को इससे नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस ने बस को चारों तरफ से घेर लिया था। पहले तीन यात्रियों को किडनैपर ने छोड़ा। इसके बाद बाकी 10 पैसेंजर छोड़े गए। बाद में किडनैपर बस से बाहर आया। जमीन पर लेट गया। हथियार उसने बस में ही छोड़ दिए थे।

फिल्म के वीडियो पर सस्पेंस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बंधक संकट खत्म होने के कुछ मिनट पहले राष्ट्रपति ने 2005 में आई हॉलीवुड फिल्म अर्थलिंग्स का एक वीडियो पोस्ट किया। इसके साथ मैसेज में कहा- हर किसी को यह फिल्म देखनी चाहिए। यात्रियों को छुड़ाए जाने और किडनैपर के सरेंडर के बाद यह पोस्ट उन्होंने डिलीट भी कर दिया। अब तक यह साफ नहीं है कि राष्ट्रपति ने यह वीडियो किडनैपर की मांग पर पोस्ट किया था, या इसकी कोई और वजह थी। सवाल ये भी है कि चंद मिनट में उन्होंने इसे डिलीट क्यों कर दिया।

कौन था किडनैपर
किडनैपर की पहचान मैकसेम किर्वोश (44) के रूप में की गई है। उसे कुछ साल पहले अवैध हथियार रखने और जालसाजी के जुर्म में 10 साल की सजा हुई थी। वो इसे काटकर पिछले साल ही रिहा हुआ था। संकट खत्म होने के बाद होम मिनिस्टर एवाकोव ने ट्वीट में कहा- सभी ठीक हैं। हमने एक बड़े संकट को हल कर लिया है। राष्ट्रपति की प्रवक्ता यूलिया मेन्डेल ने भी ट्वीट में यात्रियों के सुरक्षित होने पर खुशी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed