Mon. Apr 28th, 2025

दिल्ली से पंजाब तक भारत बंद का असर, गाजीपुर सीमा पर चक्का जाम

नई दिल्ली, केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में हजारों किसान पिछले 12 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने कानून के खिलाफ आज यानी मंगलवार (8 दिसंबर) को एक दिन के लिए ‘भारत बंद’ का ऐलान किया है। पूरे देश में आज सुबह 11 बजे से लेकर शाम 3 बजे तक ‘भारत बंद’ बुलाया गया है। इसका असर अभी से ही देश के अलग-अलग हिस्सों में दिखने लगा है। बिहार से लेकर ओडिशा और महाराष्ट्र में ट्रेनें रोकी गईं हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी चक्का जाम शुरू हो गया है। किसानों के इस भारत बंद को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, सपा समेत देश की 18 राजनीतिक पार्टियों ने भी अपना समर्थन दिया है। भारत बंद के दौरान परिवहन सेवा से लेकर फल-सब्जी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। केंद्र सरकार और किसानों के प्रतिनिधियों के बीच पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, मगर अब तक कोई हल नहीं निकल सका है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मांगी गईं, तो वे अपना विरोध प्रदर्शन तेज करेंगे और राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने वाले मार्गों को बंद कर देंगे। सरकार और प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों के बीच अब तक की वार्ता विफल रही है और इसकी छठे दौर की वार्ता बुधवार (9 दिसंबर) को होनी है।

गाजीपुर बॉर्डर पर जाम

भारत बंद के दौरान गाजीपुर-गाजियाबाद (दिल्ली-यूपी) बॉर्डर पर किसानों ने किया प्रदर्शन किया। यहां किसानों ने चक्का जाम कर रखा है। एक किसान ने कहा कि अगर सरकार कानून बना सकती है तो वे इसे निरस्त भी कर सकती है। उन्हें किसान संघों और विशेषज्ञों के साथ काम करना चाहिए। हम लिखित यह वादा लेने के बाद ही आंदोलन खत्म करेंगे।

किसानों के भारत बंद को मुंबई डिब्बावाला का समर्थन

मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तालेकर ने कहा कि केंद्र द्वारा लाए गए कृषि कानून देश के किसानों को खत्म कर देंगे। उत्तर भारत में किसानों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू कर दिया है और आज भारत बंद की घोषणा की गई। मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन इस भारत बंद का समर्थन करता है:

यूपी गेट पर किसानों ने किया चक्का जाम

यूपी गेट पर चक्का जाम करने के लिए बड़ी संख्या में किसान जमा हैं। किसानों की बड़ी संख्या ने यूपी गेट पर चक्का जाम कर दिया है। हालांकि, शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बलों की भी भारी तैनाती की गई है।

हमारे विधायकों को दिल्ली पुलिस ने पीटा- सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिंधु बॉर्डर से किसानों से मिलने गए थे। उन्होंने कहा था कि हमलोग सेवादार के रूप में किसानों की सेवा करेंगे और उनका समर्थन करते हैं। जब से केजरीवाल किसानों मिलकर लौटे हैं, तब से दिल्ली पुलिस ने उनके घर के चारों तरफ बैरीकेड लगा दिया है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद उनको नजरबंद वाली स्थिति में रखा गया है।

उन्होंने आगे कहा कि किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है, न ही उन्हें बाहर आने दिया जा रहा है। कल सीएम केजरीवाल के साथ बैठक के लिए मिलने गए विधायकों को पुलिस ने पीटा था। उससे पहले कार्यकर्ताओं को उनसे मिलने नहीं दिया गया। भाजपा नेताओं को उनके आवास के बाहर बैठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *