पुरानी छावनी-जलालपुर रोड पर सुरक्षाकर्मी की वाहन की टक्कर से मौत
ग्वालियर/ पुरानी छावनी-जलालपुर रोड पर शनिवार सुबह खून में लथपथ हालत में एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक के सिर व मुंह पर गंभीर चोट थी। शव की पहचान मौके पर ही योगेश सिंह तोमर निवासी भिंड के रूप में हुई। मृतक बानमोर में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। आशंका जताई जा रही है कि योगेश सिंह की किसी वाहन की चपेट मे आ जाने के कारण मौत हुई है। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुरानी छावनी-जलालपुर रोड पर स्थित सेंट थॉमस स्कूल के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना सुबह क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को दी। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को निगरानी में ले लिया। मौके पर ही शव की पहचान योगेश पुत्र भारत सिंह तोमर निवासी बीटीआइ रोड जिला भिंड के रूप में हुई।मृतक बानमोर जिला मुरैना में फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। योगेश सिंह तोमर का शव जलालपुर रोड पर मिलने की सूचना मिलते ही बहन भावना सिंह व अन्य रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। स्वजन का कहना है कि मृतक के पास कोई वाहन नहीं था। फैक्ट्री में रहते थे। भिंड आते-जाते रहते थे।
सड़क पर जिस हालत में शव मिला है, उससे पुुलिस का अनुमान है कि किसी वाहन की चपेट में आ जाने के कारण ही योगेश सिंह तोमर की मौत हुई है। शुरुआती जांच में ये पता नहीं चल सका है कि योगेश कहां जा रहे थे। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने शव का डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद स्वजन को सौप दिया है।
10 दिन पहले ही बेटा हुआ: मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि 10 दिन पहले योगेश की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है। एक बेटी पहले से हैं। पुरानी छावनी थाना पुलिस योगेश किस वाहन की चपेट में आया था, इसका पता लगाने में जुटी हुई है।
