Mon. Apr 28th, 2025

बर्फबारी का असर:पश्चिमी विक्षोभ के लगातार आने से तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा; उमरिया का पारा पचमढ़ी से भी नीचे आया

हिमालय पर बर्फबारी का असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ा है। इसके कारण ही लगातार बढ़ रहे तापमान में ब्रेक लगा है। गुरुवार रात का पारा लगभग सभी जगहों पर सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि शनिवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसके कारण हो सकता है कि तापमान में और कमी आए, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ बनने के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है। हालांकि कड़ाके की ठंड 27 के बाद ही प्रदेश में महसूस की जाएगी। अभी इसी तरह तापमान बना रहेगा।

उमरिया में पचमढ़ी से कम रहा तापमान

बीती रात प्रदेश में उमरिया में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा। यहां रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रीवा में 5.6 और पचमढ़ी में यह 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खरगोन और खंडवा अब भी सबसे ज्यादा गर्म है। यहां दिन का पारा 30 के आसपास बना हुआ है। खरगौन में सबसे ज्यादा 29.9 और खंडवा में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ग्वालियर और नौगांव में कोहरे का असर

प्रदेश के ग्वालियर और नौगांव में कोहरे का असर देखा जा रहा है। यहां लगातार दूसरे दिन कोहरे के कारण दृश्यता 500 मीटर रही। नौगांव में तो दृश्यता 200 मीटर तक रह गई। दोनों ही जगह दो दिन से कोहरा छाया है। हालांकि प्रदेश के अन्य इलाकों में कोहरा नहीं है। दिया में रात का पारा 6 डिग्री और ग्वालियर में 6.5 डिग्री रहा।

होशंगाबाद और इंदौर की रातें सबसे गर्म

प्रदेश में होशंगाबाद और इंदौर में रात का पारा सबसे ज्यादा रहा। होशंगाबाद में न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री और इंदौर में 12 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि भोपाल में भी यह 10 डिग्री पार कर 10.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबलपुर में 8.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *