Sun. Mar 8th, 2026

रविवार से फिर तीखे हो सकते हैं गर्मी के तेवर

भोपाल । हवाओं का रुख बदलने से गर्मी के तीखे तेवरों में कुछ नरमी आई है, लेकिन रविवार से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। दरअसल शनिवार शाम को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के नजदीक पहुंचने वाला है। इस सिस्टम का प्रभाव रविवार से दिखाई देने लगेगा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवा का रुख फिर बदलेगा। इससे तापमान फिर बढ़ने लगेगा। इस दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में बादल भी छा सकते हैं। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तीन दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को उत्तर भारत से आगे बढ़ गया है। इस वजह से हवाओं का रुख बदलकर उत्तर-पश्चिमी हो गया है। इससे राजधानी सहित पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में गिरावट होने लगी है। शनिवार को न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होने के आसार हैं। उधर शनिवार शाम को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत की तरफ बढ़ने से मौसम के मिजाज में फिर तब्दीली होने की संभावना है। विशेषकर रविवार से हवाओं का रुख बलदकर फिर दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी होने लगेगा। वर्तमान में गुजरात और महाराष्ट्र में तपिश काफी बढ़ गई है।

इस वजह से वहां से आने वाली गर्म हवाओं से राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वातावरण में फिर गर्मी में इजाफा होने लगेगा। उधर नौ मार्च को भी एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के भी उत्तर भारत में दाखिल होने के आसार हैं। इस सिस्टम की आवृति काफी अधिक है। अत: यह सिस्टम भी मौसम के मिजाज को काफी प्रभावित कर सकता है। शुक्ला के मुताबिक इस बार तीन से चार दिन के अंतराल में एक के बाद एक कर पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। इस वजह से इस बार मार्च में गर्मी के सभी पुराने रिकार्ड टूटने की भी संभावना दिख रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed