महाराष्ट्र में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 1 लाख के पार, देश में कुल मौतों के 30% के बराबर

सरकारी आंकड़ों की मानें तो गुरुवार तक राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 100,233 लोग जान गंवा चुके हैं। इनमें से आधी मौतें 15 फरवरी के बाद हुई हैं। यानी कोरोना की दूसरी लहर में ही आधी मौतें हुई हैं। देश भर से होने वाली 20 प्रतिशत से अधिक मौतों में महाराष्ट्र का योगदान जारी है। कुल मिलाकर भारत में अब तक 3.4 लाख से अधिक कोरोना वायरस से संबंधित मौतों में राज्य का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा है। महामारी के दौरान यह अनुपात लगभग स्थिर बना हुआ है।
सिर्फ मौतें ही नहीं, कोरोना के मामलों के मामले में भी महाराष्ट्र देश में टॉप पर है। महाराष्ट्र में देश में सबसे अधिक मामले हैं और अब तक लगभग 58 लाख संक्रमण दर्ज किए गए हैं। देश के कोरोना के सभी मामलों का 20 प्रतिशत और सभी मौतों का 30 प्रतिशत हिस्सा महाराष्ट्र का है। हालांकि, कोरोना मृत्यु दर में महाराष्ट्रर की स्थिति पंजाब की तुलना में ठीक है।
देश के अन्य राज्यों में कोरोना से मौतें
मौत के नए मामलों में सर्वाधिक 650 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 514 की कर्नाटक में, 460 की तमिलनाडु में, 153 की केरल में और पश्चिम बंगाल तथा उत्तर प्रदेश में 108-108 मरीजों की मौत हुई। देश में अब तक हुई 3,40,702 मौतों में 100,233 मौतें महाराष्ट्र में, 30,531 कर्नाटक में, तमिलनाडु में 25,665, दिल्ली में 24,447, उत्तर प्रदेश में 20,895, पश्चिम बंगाल में 15,921, पंजाब में 14,840 और छत्तीसगढ़ में 13,139 मरीजों की मौत हो गई।