पीएम आवास पहुंचे सीएम शिवराज, जनभागीदारी मॉडल पर देंगे प्रेजेंटेशन

भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पीएम आवास पहुंच गए हैं। यहां वे कोरोना को नियंत्रित करने में मध्य प्रदेश द्वारा अपनाए गए जनभागीदारी मॉडल की जानकारी प्रधानमंत्री को देंगे। लोगों को राहत देने के लिए लागू की गई योजनाओं पर भी चर्चा होगी। इसके पहले सीएम शिवराज ने सुबह ट्वीट कर लिखा कि मेक इन इंडिया और मेक फार वर्ल्ड के मूलमंत्र के साथ केंद्र सरकार भारत को एक आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था में बदल रही है। आत्म निर्भर भारत अभियान केवल एक सरकारी नीति नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक राष्ट्रीय आंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार द्वारा बिजली कनेक्शन, बैंक ऋण प्रदान करने और सड़कों के जाल बिछाने जैसे अनेक प्रयास किये जा रहे हैं जिनके माध्यम से आर्थिक विकास समाज के सबसे गरीब और सबसे कमजोर वर्गों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। भारत को विदेशी निवेशकों के लिए एक अट्रैक्टिव डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही गरीब जनता को भी अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मंगलवार शाम दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। मालूम हो, कोरोना की दूसरी लहर की भयावह स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी मॉडल शुरू किया था। इसमें जिला, तहसील, ग्राम और वार्ड स्तर पर आपदा प्रबंधन समितियों का गठन किया गया। इन्हें अधिकार संपन्न् भी बनाया गया और इनके माध्यम से संक्रमण की चेन तोड़ने में सफलता हासिल की गई। इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक और अन्य संगठनों का भी सहयोग लिया गया।
जानकारी के अनुसार, कोरोना पीड़ितों को राहत देने के लिए प्रदेश में शुरू की गई योजनाओं की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी जाएगी। इनमें मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा, अनुकंपा, विशेष अनुग्रह योजना आदि पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों सदानंद गौड़ा और पीयूष गोयल से भी मुलाकात करेंगे। प्रदेश की आवश्यकताओं की आपूर्ति के लिए केंद्रीय मंत्रियों से आग्रह किया जाएगा। साथ ही कोरोना संकट से निपटने में उपलब्ध कराई गई मदद के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा।
गुरुवार से मुख्यमंत्री करेंगे मंत्रियों के साथ वन-टू-वन बैठक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार से मंत्रियों के साथ वन-टूवन बैठक का सिलसिला शुरू करेंगे। इसमें वे विभागीय गतिविधियों के साथ मंत्रियों से अन्य मुद्दों पर बात करेंगे। वहीं, आगामी सोमवार को मंत्री समूहों की बैठकों के निष्कर्षों का प्रस्तुतीकरण होगा। कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राथमिकता के सभी विषयों पर मंत्री समूहों का गठन किया गया है। हमें बिना समय गंवाए तत्काल कार्य आरंभ करना है। सभी मंत्री समूह इस सप्ताह में अपनी बैठक करके आगामी कार्ययोजना तय कर लें। इनका प्रस्तुतीकरण सोमवार को होगा। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मंत्रियों से अलग-अलग चर्चा करेंगे। इसमें आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप के क्रियान्वयन की कार्ययोजना से लेकर अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने और क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। ज्ञात हो, मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ चाय पर चर्चा की शुरुआत की थी लेकिन कोरोना संक्रमण की वजह से इस पर विराम लग गया था। मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों का कहना है कि यह सिलसिला फिर प्रारंभ हो सकता है।