Mon. Apr 28th, 2025

कांग्रेस ने शुरू की लोकसभा उपचुनाव की तैयारियां:अरुण यादव बोले- मेरी पूरी तैयारी है, टिकट मिला तो खंडवा से चुनाव लड़ूंगा

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा है कि मेरी खंडवा लोकसभा उपचुनाव लड़ने की पूरी तैयारी है, पार्टी टिकट देगी तो जरूर चुनाव लड़ूंगा। इधर, पार्टी में भी यादव को टिकट दिए जाने पर लगभग सहमति है। खंडवा लोकसभा और पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा उपचुनाव की कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है और इन चुनावों के लिए संभावित प्रत्याशी तलाशना भी शुरु कर दिया है।

कांग्रेस का फोकस खंडवा पर है। उल्लेखनीय है कि खंडवा लोकसभा सीट भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन से रिक्त हुई है। इधर, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 23 जून को भोपाल आ रहे हैं। वे यहां 24, 25 और 26 जून को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे और चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

दुष्कर्मियों को पैरोल… यादव बोले- एक तरफ फांसी का अध्यादेश लाए, अब पैरोल दे रहे हैं

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने बलात्कारियों को पैरोल पर छोड़े जाने पर कहा कि शिवराज जी आखिरकार आप चाहते क्या हैं। एक तरफ आप कांग्रेस के सहयोग के बाद 2011 में बलात्कारियों के खिलाफ फांसी का अध्यादेश लाए, लेकिन फांसी कितनों की दी गई। आज तक नहीं बताया। दूसरी तरफ, अब आपकी सरकार उम्रकैद काट रहे 400 दुष्कर्मियों को पैरोल पर छोड़ने की पैरोकार हो गई है। यही तो अंतर है कथनी और करनी की। इधर, राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता शर्मा का कहना है कि जिनको कोर्ट ने दोषी मानते हुए उम्र कैद की सजा दी है, उन्हें छोड़ा जा रहा है। इससे पीड़िताओं की जान को भी खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *