Wed. Apr 30th, 2025

विधायक देवनानी का कांग्रेस पर तीखा हमला:पत्रकारों से बातचीत करते हुए बोले – केंद्रीय मंत्री शेखावत को भगोड़ा कहना कांग्रेस की सोच का दिवालियापन

भाजपा के वरिष्ठ नेता, जोधपुर जिला संगठन प्रभारी व विधायक डाॅ. वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जादू अब समाप्त हो चुका है। गहलोत से प्रदेश की जनता परेशान हो चुकी है। सरकार के मंत्री, विधायक ही सरकार में घुटन महसूस कर रहे हैं। वे सोमवार को भाजपा संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत को भगोड़ा बताने पर कांग्रेस नेताओं व मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया और कहा कि यह कांग्रेस की सोच का दिवालियापन ही है। हकीकत यह है कि खुद मुख्यमंत्री जोधपुर से नदारद हैं। खुद को क्वारेंटाइन करने के नाम पर मुख्यमंत्री ने खुद पर ही जादू चलाया और खुद को गायब कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम ने कथित रूप से तानाशाही रुख अपना रखा है और मिनी आपातकाल की ओर प्रदेश को धकेल रहे हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष मीणा ने जिला समन्वय समिति की बैठक में की पार्टी के कामकाज की समीक्षा
प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रवास अभियान प्रमुख हेमराज मीणा की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय बैठक हुई। बैठकों के बाद कोरोना काल में दिवंगत हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी गई। सशक्त व सक्रिय मंडल, बूथ और समिति व पन्ना प्रमुख के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ पार्टी के कामकाज की समीक्षा की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी के सान्निध्य में शास्त्री सर्किल स्थित स्टील भवन में दिनभर अलग-अलग सत्रों में हुई बैठकों में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। अभियान प्रमुख मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 7 वर्ष में राममंदिर निर्माण, धारा 370, तीन तलाक सहित गरीब कल्याण के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें कार्यकर्ता आमजन तक पहुंचाएं। जिला संगठन प्रभारी वासुदेव देवनानी ने कहा कि जोधपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन के तहत बेहतरीन कार्य किया है।

संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कार्यों का लिया फीडबैक
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने दक्षिण एवं उत्तर के भाजपा पदाधिकारियों से अलग-अलग चर्चा की। विशेष रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों से कोविड के समय किए गए कार्यों के संबंध में फीडबैक लिया। बैठक में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, सूर्यकांता व्यास, नारायणलाल पंचारिया, प्रसन्नचंद मेहता, जितेंद्र मीणा, वनिता सेठ, जसवंतसिंह विश्नोई, रामनारायण डूडी, मेघराज लोहिया, लादूराम विश्नोई, केके विश्नोई, बाबूसिंह राठौड़, जोगाराम पटेल, पूनाराम चौधरी, उपेेंद्र दवे, घनश्याम ओझा, घनश्याम डागा, शंभूसिंह खेतासर, सूरताराम देवासी, महेंद्र मेघवाल, डाॅ. करणीसिंह खीची, नरेश सुराणा, अचलसिंह मेड़तिया उपस्थित थे। देहात के मनोहर पालीवाल व जगराम विश्नोई के नेतृत्व में कार्यकर्ता उनसे मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *