Tue. Mar 10th, 2026

उत्‍तराखंड में हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के ल‍िए चलेगी हेली सेवा

देहरादून: देहरादून से पिथौरागढ़ तक हवाई सेवा का संचालन थमने के बाद अब केंद्र सरकार उत्तराखंड में उड़ान योजना के तहत हल्द्वानी से पिथौरागढ़ तक हेली सेवा संचालित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विभिन्न हेली कंपनियों से बात भी शुरू हो गई है।

प्रदेश में उड़ान सेवा के तहत देहरादून-पिथौरागढ़ मार्ग पर नौ सीटर विमान की हवाई सेवा शुरू की गई थी। यह हवाई सेवा सप्ताह में दो दिन देहरादून से पिथौरागढ़ व पिथौरागढ़ से देहरादून के बीच संचालित होती थी। शुरुआत में तो हवाई सेवा ठीक चली लेकिन फिर यह धीरे-धीरे लड़खड़ाने लगी। विमान में तकनीकी खामी आने के बाद इसका संचालन अनियमित हो गया। बीते वर्ष मार्च में कंपनी ने इस मार्ग पर हवाई सेवा संचालित करने से हाथ खड़े कर दिए। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने केंद्र में दस्तक देते हुए इस मार्ग पर नए सिरे से हवाई सेवा शुरू करने के लिए टेंडर करने का अनुरोध किया। केंद्र ने इसके लिए टेंडर प्रकिया शुरू कर दी है लेकिन अभी कंपनियां इसमें रुचि नहीं दिखा रही हैं।

इस बीच स्थानीय निवासियों को राहत देने के लिए केंद्र ने हल्द्वानी से पिथौरागढ़ हेली सेवा शुरू करने का निर्णय लिया। इसके लिए जो मार्ग प्रस्तावित किया गया है उसके अनुसार यह हेली सेवा हल्द्वानी-पंतनगर-अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के बीच संचालित होगी। जल्द ही इसका किराया भी तय कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश में उड़ान योजना के तहत हेली सेवा संचालित कर रही कंपनियों से ही वार्ता भी की जा रही है। इसके साथ ही पिथौरागढ़ मार्ग पर 25 सीटर हवाई जहाज चलाने की संभावनाएं तलाशने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय से एक टीम भी सर्वे के लिए भेजी जा रही है, ताकि हवाई पट्टी के विस्तार में आ रही अड़चनों का अध्ययन कर इन्हें दूर करने की दिशा में कदम उठाया जा सके।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान ने कहा कि हल्द्वानी से पंतनगर के बीच हेली सेवा शुरू करने के लिए हेली कंपनियों से वार्ता की जा रही है। जल्द ही यहां हेली सेवा शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed