Sun. Jun 15th, 2025

निगम-मंडलों दूसरी सूची जारी:छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 91 नेताओं को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य की कुर्सी मिली, आठ विधायकों की भी नियुक्ति

करीब एक वर्ष के इंतजार के बाद कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ सरकार के निगम, मंडल और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कांग्रेस के 91 नेताओं के नाम हैं। इसमें अध्यक्ष के 10 पद भी हैं। इस सूची में ढाई साल से ऐसी नियुक्ति का इंतजार कर रहे बहुत से नेताओं के नाम नहीं है। इसकी वजह से संगठन में नाराजगी भी दिख रही है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अनुमोदन के बाद मुख्य सचिव अमिताभ जैन को भेजी गई सूची के मुताबिक सूरजपुर के पूर्व विधायक भानुप्रताप सिंह को अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। महासमुंद के पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर को बीज विकास निगम का अध्यक्ष पद दिया जा रहा है। शाकंभरी बोर्ड में जांजगीर-चांपा के रामकुमार पटेल को अध्यक्ष का जिम्मा मिला है वहीं पूर्व आईएएस अधिकारी सर्जियस मिंज को राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। झीरम घाटी हमले में दिवंगत हुए उदय मुदलियार के पुत्र जितेंद्र मुदलियार को युवा आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।

रायपुर नगर निगम के पार्षद ज्ञानेश शर्मा को राज्य योग आयोग का अध्यक्ष बना दिया गया है। नव गठित तेलघानी विकास बोर्ड में संदीप साहू को अध्यक्ष बनाया गया है। रायपुर के ही सुशील सन्नी अग्रवाल को भवन सन्निर्माण कर्मकार मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व विधायक तेजकुंवर नेताम को बाल अधिकार संरक्षण आयोग का अध्यक्ष बना दिया गया है। वहीं विपीन साहू अब दुग्ध संघ के अध्यक्ष होंगे। अश्विनी साहू को कृषि उपज मंडी, दुर्ग और विधायक सत्यनारायण शर्मा के पुत्र पंकज शर्मा को जिला केंद्रीय सहकारी बैंक रायपुर का अध्यक्ष बना दिया गया है। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक बिलासपुर में प्रमोद नायक, राजनांदगांव में नवाज खान और दुर्ग में जवाहर वर्मा को अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल रही है।

इन विधायकों को भी मिला मौका

बालोद विधायक सगीता सिन्हा और धरसीवा विधायक अनिता शर्मा को छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल में सदस्य बनाया गया है। इसके अध्यक्ष की कुर्सी पर पहले ही विधायक कुलदीप जुनेजा की नियुक्ति हो चुकी है। वहीं मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास प्राधिकरण में विधायक चक्रधर सिदार और मोहित केरकेट्‌टा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। विधायक आशीष छाबड़ा, अनूप नाग, ममता चंद्राकर और विनय भगत इस प्राधिकरण के सदस्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed