मानसून की बेरुखी ने बढ़ाई उदयपुर के बाशिंदों की परेशानी, प्रवेश के 1 महीने बाद भी उदयपुर में नहीं बरसा पानी

झीलों के शहर उदयपुर में मानसून की बेरुखी अब शहरवासियों के साथ जलदाय विभाग के लिए परेशानी का कारण बन रही है। मानसून की दस्तक के बावजूद पिछले 1 महीने से उदयपुर में औसत बारिश भी नहीं हुई है। जिसकी वजह से शहर की झीलों में जलस्तर कम होने लगा है। वहीं गर्मी और उमस उदयपुर के बाशिंदों के लिए परेशानी पैदा कर रही है।
दरअसल, उदयपुर के रास्ते मानसून ने 18 जून को राजस्थान में प्रवेश किया था। लेकिन पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवाओं की वजह से मानसून का असर खत्म हो गया। जिसके बाद से उदयपुर में अब तक औसत बारिश भी नहीं हो पाई है। हालांकि इस दौरान मौसम विभाग द्वारा कई बार मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई। लेकिन अब तक उदयपुर में उम्मीदों के मुताबिक राहत की बारिश भी नहीं गिरी है। जिसको लेकर अब शहरवासियों की उम्मीदों पर भी पानी गिरने लगा है।
वहीं अब मौसम विभाग सावन के महीने में बारिश की संभावना जता रहा है। भारतीय मौसम केंद्र के अनुसार उदयपुर समेत मेवाड़ के अन्य जिलों में सावन में मानसून जमकर बरसेगा। जिससे शहर वासियों को जहां गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं जलदाय विभाग की उम्मीदें भी पूरी होंगी। ऐसे में अब देखना होगा मौसम विभाग की यह संभावना कितनी सटीक साबित होती है।