सुबह तेज बारिश दोपहर में फिर आसमान साफ:चौबीस घंटे में शहर में 33.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज, दिन का तापमान 4.5 डिग्री गिरा

उज्जैन बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से शहर में गुरुवार देररात से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। शुक्रवार सुबह तेज बारिश भी हुई लेकिन दोपहर तक आसमान साफ हो गया। शाम ढलने के पहले ठंडी हवा चलने लगी। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 24.4 डिग्री दर्ज किया।
आर्द्रता सुबह और शाम को 90 फीसदी रही जबकि हवा की रफ्तार सुबह 6 और शाम को 4 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई। चौबीस घंटे में शहर में 33.6 मिमी बारिश हुई है। यह जुलाई के किसी भी एक दिन हुई बारिश से ज्यादा है। शहर में अब तक 259 मिमी बारिश हुई है। गत वर्ष इस अवधि में 270 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग भोपाल के राडार प्रभारी वेदप्रकाश के अनुसार निम्न दाब क्षेत्र और अधिक प्रभावशाली होकर ओडिशा-बंगाल तक सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र के रूप में समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैले चक्रवातीय परिसंचरण के साथ सक्रिय है। मानसून ट्रफ अनूपगढ़, सवाई माधवपुर, झांसी, रीवा, अंबिकापुर, चायबासा होकर बंगाल की खाड़ी में सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र से आगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैला है। इसके प्रभाव से शनिवार को भी बारिश होने के आसार हैं।