बिना बरसात बीता जा रहा सावन:चार दिन और बरसात की उम्मीद नहीं, तापमान चालीस के नजदीक, उमस और गर्मी कर रही परेशान

प्रदेश के बड़े हिस्से में इन दिनों बरसात हो रही है लेकिन श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय अब तक सूखा है। आम तौर पर सावन को बरसात से जोड़कर देखा जाता है। इस माह में बरसात की झड़ी लगती है लेकिन हमारे यहां सावन का पहला पखवाड़ा विदाई की ओर है लेकिन बरसात है कि बरसने का नाम नहीं ले रही। ऐसे में गर्मी और तपन जबर्दस्त है। शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे तक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस है। वहीं इलाके में बरसात नहीं होने से किसानों को नुकसान हो रहा है।
अब तक काफी कम हुई बरसात
मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि इलाके में मानसून टर्फलाइन तो बनी, लेकिन इसका झुकाव हिमालय की तलहटी में होने से हमारे इलाके को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। उस इलाके में पानी बरस रहा है लेकिन हमारे यहां हाल बेहाल है। ऐसे में हालात बरसात के लिए बिलकुल सही नहीं है। इलाके में इस मौसम में अब तक महज 101 एमएम वर्षा हुई है जबकि इस दौरान यह करीब पौने दो सौ एमएम होनी चाहिए।
सुबह से सूरज के तेवर तीखे
इस बीच सूरज के तेवर सुबह से तीखे रहे। सुबह साढ़े आठ बजे अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर महज 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में सुबह और देर रात के समय तेज गर्मी रही है।