कमल नाथ ने साधा निशाना- भाजपा नेता ड्रामा की राजनीति करते हैं, मुख्यमंत्री सिर्फ झूठे वादे करते हैं, घोषणा कर गए ये तो बता दो मिलेगा कब

ग्वालियर-चंबल अंचल के दौरे पर आए पूर्व CM कमल नाथ ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करने के बाद भाजपा पर तीखा हमला किया है। उनका कहना है कि भाजपा नेता ड्रामा की राजनीति करते हैं। मुख्यमंत्री सिर्फ झूठे वादे करते हैं। घोषणा करते हैं, यहां भी कर गए। अब यह तो बता दो यह मिलेगा कब।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के गढ़ दतिया में पूर्व CM कमल नाथ ने उनको भी आड़े हाथ लिया है। गृहमंत्री के बाढ़ में लोगों की मदद कर एयरलिफ्ट एक्शन पर बोले सीधा दिख रहा है ड्रामा है। यह वोट के लिए ड्रामा करते हैं। सब जानते हैं कि वह कैसे जीतते हैं। प्रदेश सरकार, केन्द्र सरकार सिर्फ झूठ बोलती है। झूठ बोलने में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।पूर्व CM कमल नाथ ने कहा है कि दतिया में लोगों की हालत देखी है। बहुत बूरी हालत है। खाने को खाना नहीं है। कपड़े नहीं है और लोग बाढ़ के बाद भी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहत शिविर में पड़े हुए हैं। घर पानी में बह गए हैं। मुख्यमंत्री घोषणा कर गए, लेकिन बताया नहीं कब तक मदद करेंगे। जल्द मदद करो।
सरकार की लापरवाही से आई बाढ़
मौसम विभाग पहले से चेतावनी देता है। अचानक बारिश नहीं होती है। डैम से अचानक पानी क्यों छोड़ा गया। क्या अचानक डैम भर गए। जब भर रहे थे और लगातार पानी आ रहा था तो अलर्ट क्यों नहीं किया गया। लोगों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते तो यह हाल नहीं होता। अब दावा कर रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को समय रहते बचा लिया तो क्या भाजपा वालों ने एहसान किया है।
कोरोना में भी झूठ बोलते रहे
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि भाजपा झूठ बोलने में अन्तर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना चुकी है। कोरोना में भी मौतों को लेकर झूठ बोला। हकीकत सभी जानते हैं। कांग्रेस में वंशवाद की राजनीति होती है भाजपा के इस आरोप पर पूछे गए सवाल पर कमल नाथ बोले- भाजपा में कितने नेताओं को बच्चे राजनीति कर रहे हैं यह गिनाने की जरूरत नहीं है। सभी जानते हैं कि वंशवाद कहां हावी है।