नियमित रोडवेज कर्मियों का वेतन जारी, बाकी को इंतजार, मई माह का वेतन मिलने से कर्मचारियों में राहत

हल्द्वानी : संचालन की व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी में आने के साथ ही उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारियों का वेतन भी जारी कर रहा है। फिलहाल नियमित स्टाफ का वेतन ट्रांसफर किया जा रहा है। इसके बाद संविदा व विशेष श्रेणी के कर्मचारियों का आंकड़ा तैयार किया जाएगा। स्थायी कर्मचारियों का मई का वेतन मिला है।
रोडवेज की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निगम के लिए तनख्वाह बांटना तक मुश्किल हो गया था। जिस वजह से मामला हाई कोर्ट तक पहुंच गया था। वहीं, अफसरों के मुताबिक मई का वेतन रिलीज हो चुका है। जल्द संविदा व विशेष श्रेणी का पैसा भी जारी होगा।
एक साल बाद सबसे कम बकाया: वैसे तो पिछले साल मार्च यानी लॉकडाउन के बाद से परिवहन निगम की हालत खराब हो गई थी। आर्थिक संकट में घिरने और संचालन ठप होने की वजह से सैलरी व अन्य खर्चे निकालने मुश्किल हो गए थे। स्थिति यह हो गई थी कि छह हजार कर्मचारी व अफसरों का पांच माह का वेतन तक लंबित हो गया। एक साल में ऐसा पहली बार हुआ कि अब सिर्फ दो माह का वेतन ही बकाया है। जून व जुलाई का वेतन अब निगम को देना है।
हर माह 20 करोड़ की जरूरत: परिवहन निगम को तनख्वाह बांटने के लिए हर माह बीस करोड़ की जरूरत पड़ती है। अगर बकाया पूरी तरह से निपटाना हो तो 40 करोड़ और चाहिए होंगे। इन दिनों निगम का संचालन बेहतर स्थिति में है। अगर सवारियों का ग्राफ और उठा तो जल्द और वेतन भी जारी होगा।