सिंध, क्वारी, पार्वती का जल स्तर बढ़ा, शिवपुरी, दतिया और श्याेपुर में फिर बाढ़ का खतरा

ग्वालियर ।ग्वालियर-चंबल अंचल में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। शुक्रवार को गुना अशोक नगर क्षेत्र में हुई भारी बारिश से सिंध नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। गुना के नजदीक स्थित बदरसास के रेंझा घाट ग्राम में सिंध चढ़ने से कई लोग फंस गए। रात में ही उनका रेस्क्यू शुरू किया गया। और पानी के बीच फंसे ग्रामीणों को निकालना शुरू किया। रात में मड़ीखेड़ा के 10 गेट खोले गए। दोपहर तक मड़ीखेड़ा के 8 गेट 2.5 मीटर खुले हुए थे। रात में मोहनी पिकअप से भी 4200 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना हैं। याद रहे तीन अगस्त की रात को मड़ीखेड़ा का जल स्तर अचानक बढ़ने के बाद 10 से 12 मीटर तक गेट खोले गए थे। इसके कारण सिंध शिवपुरी और दतिया के सेवढ़ा क्षेत्र के पांच पुल बह गए थे। इसका असर डबरा और भितरवार तक देखा गया था। शिवपुरी में आपदा नियंत्रण के लिए आई टीम को शुक्रवार को रवाना कर दिया गया था। अचानक मौसम विभाग ने गुना-अशोक नगर क्षेत्र में भारी बारिश अलर्ट जारी किया। इसके बाद सेना की टुकड़ियों को कोलारस से वापस बुलाया गया।
पार्वती का जलस्तर बढ़ा, श्याेपुर-काेटा मार्ग बंदः शुक्रवार को पार्वती नदी का जल स्तर बढ़ने लगा। इस वजह से श्योपुर को राजस्थान के कोटा से जोड़ने वाले खातौली पुल पर 18 फीट पानी आ गया। वहीं शुक्रवार की रात करीब 8 बजे अचानक कूनो नदी का जल स्तर बढ़ा जिससे कूनो पुल के ऊपर से 15 फीट बहने लगा। जिसके चलते श्योपुर-ग्वालियर मार्ग फिर से बंद हो गया। पार्वती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कुंहाजापुर पुलिया पर 10 फीट से अधिक पानी होने के कारण श्योपुर-बारां मार्ग भी अवरूद्ध बना हुआ है। कोटा बैराज के गेट
खोलने से चंबल नदी का भी जलस्तर बढ़ गया है। इस समय चंबल नदी 196 मीटर के ऊपर बह रही है। जो खतरे के निशान से थोड़े ही नीचे है। चंबल नदी में बढ़ते पानी को देखते हुए आस-पास के गांवों को खाली करवा दिया गया है। श्योपुर एसपी संपत उपाध्याय का कहना है कि, अगर किसी भी व्यक्ति ने इंटरनेट मीडिया या अन्य किसी माध्यम से आवदा डैम फूटने, तालाब टूटने की झूठी अफवाह फैलाई तो उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज की जाएगी।
मड़ीखेड़ा बांध से छाेड़ा पानी, सिंध नदी में फिर बढेगा पानीः मड़ीखेड़ा बांध से 5026 क्युमेक्स पानी बीती रात छोड़ा गया है। जिससे सिंध नदी का जलस्तर फिर से बढ़ना तय है। ऐसे में एसडीएम अनुराग निंगवाल ने सेवढ़ा के लाेगाें काे अलर्ट रहने के लिए कहा है। साथ ही कर्मचारियाें की ड्यूटी भी पुल पुलिया एवं गांवाें में लगा दी गई है।