आधा सावन सूखा:झड़ी को तरसा सावन ; अब तक केवल दो इंच पानी बरसा, अगले 5 दिन भारी बारिश की संभावना

बैतूल जिले में फिर 10 दिन बाद मंगलवार तड़के 4 बजे से रिमझिम बारिश 9 बजे तक हुई। इसके बाद मौसम खुल गया। देर शाम से रात तक जोरदार बारिश हाेते रही। जिले में अब तक 25 इंच बारिश हुई है, लेकिन सावन मास में झड़ी नहीं लगी। सावन माह में पिछले साल 6 इंच बारिश हुई थी। इस बार केवल 2 इंच बारिश दर्ज की गई। औसत बारिश की बराबरी के लिए अभी भी 18 इंच की जरूरत है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 18 से 20 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।
इस साल 27 जुलाई से शुरू हुए सावन मास में अब तक 2 इंच बारिश हुई है, जबकि 2020 में (7 जुलाई से 7 अगस्त तक) सावन मास 6 इंच बारिश हुई थी। अगस्त माह की शुरुआत में बारिश होने के बाद अचानक मानसून रूठ गया था। 6 अगस्त तक जिले में अच्छी बारिश हुई। इसके बाद दस दिनों के बाद मंगलवार सुबह अचानक मानसून सक्रिय हुआ। बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। वहीं मौसम भी ठंडा हो गया।
औसत की बराबरी के लिए 18 इंच की जरूरत
जिले की औसत बारिश 43 इंच है। अभी तक 25 इंच बारिश दर्ज की गई है। पिछले साल भी अभी तक 24.96 इंच बारिश हुई थी। इसके बाद सामान्य बारिश तक आंकड़ा पहुंच गया था। इस बार भी फिर से सक्रिय हुए मानसून से बारिश होने का अनुमान है। जिले में औसत बारिश के लिए 18 इंच बारिश की जरूरत है।
मौसम विज्ञान : तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक विजय पराड़कर ने बताया 18 से 22 अगस्त तक बारिश होने का अनुमान है। 18 से 20 अगस्त भारी बारिश होगी। वहीं 21 से 22 अगस्त तक हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया इस बीच दिन का तापमान 27 से 30 डिग्री तथा रात का तापमान 19 से 22 डिग्री के बीच रहेगा। हवा भी 8 से 16 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी।
बारिश से रुकेगा फसलों में पीला मोजेक रो
जिले में बारिश नहीं होने से तापमान 30 डिग्री तक बढ़ गया था। इस कारण सोयाबीन फसलों पर पीला मोजेक रोग का असर देखा जा रहा था। कृषि वैज्ञानिक आरडी बारपेठे ने बताया पीला मोजेक सफेद मक्खी से होता है। तापमान बढ़ने से सफेद मक्खी होती है। अब जिले में बारिश शुरू हो गई है, जिससे तापमान कम हो रहा है। इससे पीला मोजेक रुकेगा।
अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री गिरा
सुबह हुई बारिश से दिन के तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट आई है। सोमवार को दिन का तापमान 30.2 डिग्री था। मंगलवार को तापमान 28.8 डिग्री पर आ गया है। वहीं रात का तापमान (न्यूनतम) में मामूली गिरावट आई है। रविवार रात का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री था, जो 0.6 डिग्री गिरकर सोमवार रात को 22.2 डिग्री पर आ गया।