Wed. Apr 30th, 2025

शहरवासियों को सौगात:खिलाड़ियों को एडीए की बड़ी सौगात, 5 स्थानों पर बनेंगे खेल स्टेडियम

अजमेर विकास प्राधिकरण ने अजमेर शहर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात दी है। प्राधिकरण अजमेर में पांच स्थानों पर खेल मैदान तैयार करने जा रहा है। इससे हजारों खिलाड़ियों को उनके घर के आस-पास ही खेल की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान चंद्रवरदाई स्टेडियम की तर्ज पर विकसित होगा।

हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान की लागत 3.5 करोड़ तथा शेष सभी मैदान 70-80 लाख रुपए खर्च कर तैयार किए जाएंगे। एडीए आयुक्त अक्षय गोदारा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नए स्टेडियम और खेल सुविधाएं विकसित करने की नीति लागू की है।

माकड़वाली रोड, अर्जुन लाल सेठी नगर, जवाहर व राजाकोठी स्कूल में भी बनेंगे खेल मैदान

25 बीघा में बनेगा हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान | गोदारा ने बताया कि हरिभाऊ उपाध्याय नगर खेल मैदान का निर्माण करीब 25 बीघा भूमि पर किया जा रहा है। इस पर 3.5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर शीघ्र ही कर दिए जाएंगे। यहां पर एथलेटिक व जॉगिंग ट्रेक, वॉलीबॉल व बास्केट बॉल के दो-दो ट्रेक, क्रिकेट पिच, पार्किंग का निर्माण होगा।

एडीए यहां इंडोर स्टेडियम के लिए भी भूमि आरक्षित कर रहा है। इस मैदान के निर्माण से हरिभाऊ उपाध्याय नगर, कोटड़ा, महाराणा प्रताप नगर, प्रगति नगर, रामनगर, हाथी खेड़ा और आसपास के सभी कॉलोनियों व पैराफेरी गांवों के खेल प्रेमियों को सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही एडीए को भूमि पर अतिक्रमण की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।

विवेकानंद स्कूल के पास बनेगा माकड़वाली रोड खेल मैदान अजमेर विकास प्राधिकरण माकड़वाली रोड पर विवेकानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के पीछे खाली पड़ी भूमि पर खेल मैदान विकसित करने जा रहा है। इस कार्य के टेंडर खोल दिए गए हैं। शीघ्र ही इसके वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए जाएंगे।

इस कार्य पर करीब 70-80 लाख रुपए व्यय होंगे। यहां 300 मीटर का एथलेटिक ट्रेक, वॉलीबॉल व बास्केटबॉल मैदान तथा अन्य खेल सुविधाएं मिलेंगी। इस मैदान के बनने से पंचशील, वैशालीनगर, चौरसियावास, माकड़वाली व आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों को सुविधा मिलेगी।

स्कूलों में विकसित हाेंगे खेल मैदान खेल मैदान के लिए प्रतिष्ठित राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक स्कूल तथा राजकीय राजाकोठी स्कूल गुलाबबाड़ी का चयन किया गया है। इन दोनों स्कूलों में खेल मैदान, एथलेटिक ट्रेक, वॉलीबॉल व बास्केटबॉल मैदान तथा अन्य खेल सुविधाएं मिलेंगी।एडीए अध्यक्ष एवं कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित के निर्देशानुसार शहर के खेल प्रेमियों को उनके घर के आसपास खेलों की सुविधाएं देने के लिए एडीए मिशन मोड पर काम कर रहा है। शीघ्र ही इन खेल मैदानों को विकसित कर खेल प्रेमियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। -अक्षय गोदारा, आयुक्त, एडीए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *