Thu. May 1st, 2025

2023 के विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस की तैयारी:राहुल गांधी-कमलनाथ में मुलाकात, प्रदेश में रणनीति के हिसाब से टीम बनाने की कवायद; उप चुनाव की सर्वे रिपोर्ट भी सौंपी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को दिल्ली में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। करीब एक घंटे चली मुलाकात में राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर प्रदेश कांग्रेस के बदलाव जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है, कमलनाथ 2023 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टीम बनाने की कवायद में जुटे हैं। इसको लेकर भी राहुल गांधी से बात हुई है।

इस दौरान मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन और प्रदेश संगठन से जुड़े मामलों पर उन्होंने जानकारी दी। प्रदेश संगठन में बदलाव की तैयारी काफी समय से चल रही है। इसे लेकर कमल नाथ सभी वरिष्ठ नेताओं से प्रारंभिक चर्चा भी कर चुके हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है, कमलनाथ वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नई टीम बनाना चाहते हैं। बता दें, बीते दिनों भी कमलनाथ और सोनिया गांधी की दिल्ली में मुलाकात हुई थी। कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस संगठन में संभावित बदलाव में कमलनाथ को भी महत्वपूर्ण भूमिका दी जा सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया।

कमलनाथ के एक करीबी नेता के मुताबिक राहुल गांधी से हुई मुलाकात के दौरान मप्र में प्रस्तावित खंडवा लोकसभा सहित पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा उप चुनाव काे लेकर भी चर्चा हुई। कमलनाथ ने चयन को लेकर सर्वे कराए जाने की जानकारी भी राहुल गांधी को दी।

इधर, खंडवा लोकसभा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने के दावेदारों में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव प्रमुख हैं। उन्हें राहुल गांधी की टीम का हिस्सा माना जाता है, लेकिन पिछले दिनों पार्टी द्वारा बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा को तवज्जो दिए जाने से वे खफा थे। उन्होंने दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कमल नाथ से दो बार मुलाकात भी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *