Tue. Apr 29th, 2025

जयपुर उप जिला प्रमुख-उप प्रधान के लिए वोटिंग आज:प्रमुख का चुनाव जीतने के बाद भाजपा में जोश, कोटपूतली, दूदू में कमबैक का रहेगा प्रयास; आमेर और चाकसू में उलटफेर करने की कोशिश करेगी कांग्रेस

जयपुर की 22 पंचायत समितियों प्रधान और जयपुर जिला प्रमुख के चुनाव के बाद आज दोनों ही प्रमुख पार्टियों की नजर उप जिला प्रमुख और उप प्रधान के चुनाव पर है। भाजपा से 3 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। वार्ड नंबर 6 से शारदा यादव, मनोज कुमावत और वार्ड 19 से राजकवर ने नामांकन किया। जयपुर में जिला प्रमुख के चुनाव में हुए बड़े उलटफेर के बाद भाजपा जोश में है। इसे देखते हुए पार्टी आज कोटपूतली और दूदू पंचायत समिति में कमबैक करने का प्रयास करेगी। वहीं, कांग्रेस भी चाकसू और आमेर में ज्यादा सतर्क होकर चुनाव लड़ सकती है। सोमवार को प्रधान के चुनाव में 22 में से 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस, जबकि 9 में भाजपा अपना प्रधान बनाने में सफल रही है।

जयपुर जिला परिषद में उप प्रमुख और पंचायत समितियों में उप प्रधान के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 11 बजे तक नामांकन पत्र भरे गए। 11:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी के पास दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। अगर एक से अधिक उम्मीदवार आखिरी में मैदान में रहते है तो वोटिंग होगी। वोटिंग दोपहर 3 से 5 बजे तक करवाई जाएगी। 5 बजे के बाद वोटिंग के रिजल्ट घोषित किए जाएंगे।

दूदू में बहुमत के बावजूद हारी थी भाजपा

दूदू की बात करें तो यहां भाजपा के पास बहुमत था, उसके बावजूद कांग्रेस यहां से अपना प्रधान बनाने में सफल रही। ऐसे में आज भाजपा कोशिश करेगी कि वह उप प्रधान बनाकर अपनी वापसी कर सके। वहीं कोटपूतली में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी, लेकिन यहां कांग्रेस ने निर्दलीयों और आरएलपी के सहयोग से प्रधान बनाया। वहीं दूसरी तरफ चाकसू में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी होकर भी प्रधान नहीं बना सकी। इसके पीछे आरोप ये लगाए जा रहे है कि स्थानीय विधायक ने जानबूझकर पार्टी को हरवाया है। ऐसे में कांग्रेस की कोशिश रहेगी कि वह यहां उप प्रधान बनाकर अपनी लाज बचाए।

आमेर में होगा दिलचस्प मुकाबला
पंचायत समिति आमेर में 23 वार्डो में भाजपा और कांग्रेस 11-11 यानी बराबर सीटे मिली है। प्रधान के चुनावों में कांग्रेस ने अपना प्रधान बनाने के लिए निर्दलीय उम्मीदवार पर दाव खेल लिया, लेकिन कांग्रेस को ये दाव उल्टा पड़ गया। कांग्रेस की सीट से जीतकर आए बद्रीनारायण ने भाजपा का दामन थामते हुए भाजपा से प्रधान की उम्मीदवारी ठोक दी। इस तरह कांग्रेस से बागी होकर लड़े बद्रीनारायण को 12, जबकि निर्दलीय जीतकर आए रोशनलाल बुनकर को 11 वोट मिले। ऐसी स्थिति को देखते हुए कांग्रेस आज उप प्रधान के चुनाव में यहां दोबारा कोई नया समीकरण बनाने पर विचार कर सकती है।

यहां आरएलपी का बन सकता है उप प्रमुख
पावटा पंचायत समिति में आरएलपी का सदस्य उप प्रधान बन सकता है। क्योंकि प्रधान के चुनाव में आरएलपी के दोनों सदस्यों ने भाजपा को सपोर्ट करके भाजपा उम्मीदवार को प्रधान बनाया है। ऐसे में संभावना है कि अब भाजपा की तरफ से आरएलपी सदस्य को सपोर्ट कर सकती है। पाटवा में स्थिति देखे तो यहां 23 वार्डो में से 10-10 पर कांग्रेस-भाजपा जीती है। वहीं 2 आरएलपी और एक निर्दलीय सदस्य जीतकर आए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *