Wed. Apr 30th, 2025

डेंगू के चार नए मरीज मिले, 185 तक पहुंचा आंकड़ा

भोपाल। राजधानी में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार को शहर में डेंगू के चार नए मरीज मिले हैं। 19 सैंपल की जांच में ये मरीज मिले हैं। ये बागमुगालिया, मैदा मिल, लालघाटी और जुमेराती में मिले हैं। इसके साथ ही जिले में इस साल अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या 185 हो गई है। अब तक सबसे ज्यादा 17 मरीज लालघाटी क्षेत्र में मिले हैं। इसके बाद साकेत नगर क्षेत्र प्रभावित है। इसके बावजूद डेंगू प्रभावित इलाकों में मच्‍छरों की रोकथाम के लिए फागिंग नहीं हो रही है। नतीजतन, मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या और बढ़नी तय है। डेंगू प्रभावित बरखेड़ा पठानी और बागसेवनिया जैसे क्षेत्रों में मच्छरों के प्रकोप से रहवासी चिंतित हैं। कोलार, पुराने भोपाल, गोविंदपुरा, चांदबड़ क्षेत्रों में भी डेंगू समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों के नियंत्रण के प्रयास कमजोर हैं। यही वजह है कि शहर में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। कुल जांच में से 20 फीसद मरीजों को डेंगू निकल रहा है।

एक घर का सर्वे कर, दर्शा रहे पूरे क्षेत्र का
डेंगू के लार्वा सर्वे को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। लार्वा सर्वे टीम एक घर का सर्वे कर आसपास के पूरे क्षेत्र में सर्वे करना दर्शा रही है। बागसेवनिया समेत अन्य क्षेत्रों के रहवासियों ने यह बात कही है। रहवासियों का कहना है कि सर्वे टीम आती है तो रहवासियों से ही काम कराती है। खुद दिशा-निर्देश देती है। कर्मचारी फोटो खींचने में व्यस्त रहते हैं। बागसेवनिया क्षेत्र के रहवासी दिनेश रघुवंशी (परिवर्तित नाम) ने बताया कि उनके घर के बाजू में सर्वे टीम आई थी। आधे घंटे में कुछ बर्तनों का पानी खाली किया और चली गई।
हर घर में परिवार के कोई न कोई सदस्य बीमार है। मच्छरों का प्रकोप भी है। तब भी छिड़काव व फॉगिंग करने वाली टीम को बीते एक माह से क्षेत्र में नहीं देखा है।
– त्रिलोकी भगत, बागसेवनिया
लोग बीमार हैं। हमारे क्षेत्र में डेंगू के मरीज भी मिल रहे हैं लेकिन फॉगिंग बंद है। केवल सफाई हो रही है। नालियां चोक होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। फॉगिंग कराई जाए।
– दीपक पंडित, बागसेवनिया
बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में सड़क पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है। क्षेत्र में मच्छर का प्रकोप है। हर दूसरे घर में कोई न कोई बीमार है। जांचें नहीं हो रही हैं। 15 दिन से अधिक हो गए हैं। छिड़काव करने वाले नहीं आए थे। शिकायत के बाद सोमवार शाम को आए थे।
– वीरेंद्र कुमार सोनकर, बरखेड़ा पठानी
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सलाह पर जरूरत के हिसाब से छिड़काव व फॉगिंग कराई जा रही है। बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में सोमवार शाम को ही फॉगिंग कराई है। फिर भी जिन क्षेत्रों में जरूरत है, वहां की जानकारी लेकर नियमित छिड़काव व फॉगिंग कराएंगे। आम लोग भी इसके लिए निगम के टोलफ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करवाकर मांग कर सकते हैं।
– एमपी सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम, भोपाल

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *