Tue. Apr 29th, 2025

गुलाब के बाद अब शाहीन चक्रवात का खतरा, इन इलाकों में भारी बारिश का खतरा

दिल्ली । देश में गुलाब चक्रवाती तूफान के बाद अब शाहीन चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने शाहीन तूफान को लेकर महाराष्ट्र व गुजरात में अलर्ट जारी किया है और मछुआरों के 3 अक्टूबर तक समुद्र से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि 30 सितंबर तक एक डिप्रेशन में बदल जाएगा और साथ ही 1 अक्टूबर से ‘शाहीन’ नाम का एक नया चक्रवात बन जाएगा। चक्रवाती तूफान गुलाब के कारण पहले ही निम्‍न दबाव का क्षेत्र अभी गुजरात तट, पूर्वोत्तर अरब सागर निर्मित है और अब शाहीन तूफान का खतरा भी बढ़ गया है।

ओमान की ओर बढ़ रहा शाहीन तूफान

मौसम विभाग की ओर से दी गई प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शाहीन चक्रवाती तूफान महाराष्ट्र और गुजरात के समुद्री तटों से दूर ही रह सकता है और 1 अक्टूबर तक ओमान की ओर बढ़ जाएगा। लेकिन शाहीन तूफान के कारण महाराष्ट्र और गुजरात के समुद्री किनारे वाले हिस्सों में मूसलाधार बरसात होगी।

शाहीन के कारण इन इलाकों में हो सकती है बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ आदि में बहुत तेज बारिश हो सकती है। साथ ही झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

चक्रवाती तूफान की जानकारी के लिए ऐप

चक्रवाती तूफानों की सटीक जानकारी देने के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) एक ऐप तैयार कर रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि नए मोबाइल ऐप की मदद से चक्रवात की चेतावनी से जुड़ी नवीनतम जानकारी तेजी से मिलेगी।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *