उदयपुर कांग्रेस के प्रचारकों की लिस्ट:शहर कांग्रेस कमेटी ने वल्लभनगर के लिए 32 प्रचारक लगाए, इनमें 8 पार्षद भी, आठों पार्षद एक ही खेमे के होने से लिस्ट चर्चा में

उदयपुर वल्लभनगर में होने वाले उपचुनाव को लेकर उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार सहित अन्य जिम्मेदारियों के लिए 32 लोगों की लिस्ट जारी की गई है। इसमें पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, रियाज हुसैन, केके शर्मा, नजमा मेवाफरोश, शांता प्रिंस सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को इस सूची में जगह दी गई है। इस सूची में कांग्रेस के 8 पार्षद भी हैं। खास बात यह है कि ये सभी पार्षद एक ही खेमे के हैं। जबकि दूसरे खेमे के एक भी पार्षद को इस लिस्ट में जगह नहीं दी गई है।
यह लिस्ट उदयपुर शहर कांग्रेस के निर्वतमान अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जारी की है। इसमें पार्षद और गोपाल शर्मा की पुत्रवधु हितांशी शर्मा, शंकर चंदेल, भगवती डांगी, शहनाज अय्यूब, नेहा कुमावत, शादाब हुसैन, संजय भगतानी और चमन आरा को प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया गया है।
दो खेमों में बंटी हुई है उदयपुर कांग्रेस
उदयपुर शहर में कांग्रेस दो खेमों में बंटी हुई है। इसमें एक खेमा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास तो दूसरा खेमा सीडब्लयूसी सदस्य रघुवीर मीणा का है। उदयपुर नगर निगम में कांग्रेस के 20 पार्षद हैं। ये भी दो खेमों में बंटे हुए हैं। इसी के चलते अबतक उदयपुर में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त नहीं हो सका है। दोनों खेमे आए दिन एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी और एक दूसरे को ताकत दिखाने का मौका नहीं छोड़ते। अब एक बार फिर यह लिस्ट जारी होने से उदयपुर कांग्रेस में चर्चा शुरू हो गई है।