Sat. May 24th, 2025

धोनी से कैच छूटा पर मैच नहीं:धोनी ने 0 पर कैच छोड़ा तो अय्यर ने जड़ी फिफ्टी, लेकिन वेंकटेश कोलकाता नाइटराइडर्स को जिता नहीं सके

इंडियन प्रीमियर लीग फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक इतना आसान कैच टपका दिया कि पूरे स्टेडियम में सन्नाटा छा गया। स्टेडियम में मौजूद धोनी के फैन्स ने सिर पकड़ लिया। मैदान में फाफ डुप्लेसिस और रवींद्र जडेजा दांत पीसते रह गए।

दरअसल, कैच बहुत ही आसान था और ये उस बल्लेबाज का था, जो चेन्नई से IPL फाइनल छीन सकता था। बल्लेबाज का नाम है वेंकटेश अय्यर। ये कोलकाता नाइटराइडर्स के सबसे युवा बल्लेबाज हैं और सबसे ज्याद इनफॉर्म बल्लेबाज भी।

फिफ्टी के बाद सेलिब्रेट करते अय्यर
फिफ्टी के बाद सेलिब्रेट करते अय्यर

जब वेंकटेश 0 रन पर खेल रहे थे तो जॉस हेजलवुड की एक गेंद को मारने के चक्कर में वो अपने बैट का किनारा लगा बैठे। धोनी के पास आसान मौका आया, लेकिन गेंद उनके दस्तानों से फिसल गई। धोनी ने दोबारा कोशिश की, लेकिन गेंद उनकी पहुंच से दूर हो गई। इसके ठीक अगली गेंद पर अय्यर ने छक्का जड़ा दिया। इस दौरान डुप्लेसिस और रवींद्र जडेजा दांत पीसते और अपनी निराशा जाहिर करते नजर आए।

कहानी यही खत्म नहीं होती। दो ओवर बाद गेंद अय्यर के ग्लव्स को छूकर फिर पीछे गई, लेकिन इस बार भी धोनी गेंद पकड़ नहीं पाए। इसके ठीक अगली बॉल पर अय्यर ने चौका जड़ दिया। धोनी के लिए पहला कैच तो बेहद आसान था, लेकिन वे चूक गए। बाद में वेंकटेश अय्यर 32 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए।

धोनी की एक-एक एक्टिविटी पर आहें भर रहे थे दर्शक
खास बात ये है कि इस फाइनल में धोनी के सबसे ज्यादा चाहने वाले यानी प्रशंसक स्टेडियम में मौजूद थे। फैन्स धोनी की एक-एक एक्टिविटी पर आहें भर रहे थे।

जब पहली बार धोनी मैदान में टॉस करने के बाद स्क्रीन पर बोलने आए तो स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने इतनी तेजी से चिल्लाना शुरू कर दिया कि धोनी को इयान बिशप के सवाल ही सुनाई नहीं दे रहे थे। लिहाजा उन्होंने गुजारिश की कि सवाल दोबारा पूछा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *