राजस्थान के कांग्रेस नेताओं को सड़क पर उतरने का टास्क:प्रदेशाध्यक्षों-प्रभारियों की बैठक में आज केंद्र के खिलाफ अभियान और मेंबरशिप का रोडमैप बनेगा

राजस्थान में कांग्रेस के नेता आने वाले समय में फिर से सड़कों पर उतरकर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आएंगे। मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने राजस्थान सहित देश भर में जनजागरण अभियान शुरू करने का फैसला किया है। जिसमें कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के जनजागरण अभियान, मेंबरशिप अभियान और चुनावी राज्यों की रणनीति का रोडमैप तैयार करने के लिए आज दिल्ली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षों, महासचिवों और प्रभारियों की बैठक होने जा रही है।
इस बैठक में राजस्थान से चार नेता शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा बैठक में भाग लेने कल ही दिल्ली पहुंच गए थे। राजस्थान प्रभारी अजय माकन पहले से दिल्ली में हैं। गुजरात प्रभारी रघु शर्मा, पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी और असम प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह बैठक में शामिल हो रहे हैं।
प्रदेशाध्यक्षों और प्रभारियों की इस बैठक में राजस्थान कांग्रेस के लिए मेंबरशिप अभियान और जनजागरण अभियान से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहेगा। 1 नवंबर से कांग्रेस का राजस्थान सहित देशभर में मेंबरशिप का बड़ा अभियान शुरू होना है। जनजागरण अभियान के तहत बढ़ती महंगाई और दूसरे मुद्दों को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने का टास्क मिलेगा।
पायलट के प्रदेशाध्यक्ष रहते हुई थी मेंबरशिप
राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार है, इसलिए ज्यादा मेंबर्स जोड़ने का टारगेट मिलेगा। विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने 30 लाख से ज्यादा मेंबर बनाए थे। अब विपक्ष से ज्यादा मेंबर बनाने की चुनौती रहेगी। सचिन पायलट के प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए कांग्रेस का मेंबरशिप अभियान चला था। उस वक्त और आज की सियासी परिस्थितियों में काफी फर्क आ चुका है।
1 नवंबर से लेकर 20 अगस्त तक कांग्रेस के संगठन चुनाव
कांग्रेस में 1 नवंबर से मेंबरशिप अभियान के साथ संगठन चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो रही है। 1 नवंबर से 31 मार्च तक 5 महीने तक पार्टी से नए मेंबर जोड़ने का अभियान चलेगा। इसके बाद अगले साल 16 अप्रैल से 31 मई तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मेंबर और ब्लॉक प्रेसिडेंट का चुनाव होगा।
1 जून से 20 जुलाई तक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और पीसीसी के मेंबर्स का चुनाव होगा। 21 जुलाई से 20 अगस्त तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्यों का चुनाव होगा। इस तरह प्रदेशों में 10 महीने तक कांग्रेस के संगठन चुनावों की प्रक्रिया चलेगी।