Mon. Jun 16th, 2025

सैपऊ में उप प्रधान के चुनाव में उलटफेर:कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख के साथ 5 पंचायतों में बनाया अपना उप प्रधान

धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव में रविवार को उप जिला प्रमुख और उप प्रधान के चुनाव होने के साथ ही पंचायत चुनाव समाप्त हो गए। रविवार को जिला परिषद उप जिला प्रमुख के लिए कांग्रेस की ओर से राजवीर मीणा का नामांकन दाखिल हुआ। तय समय तक एक ही नामांकन दाखिल होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजवीर मीणा को निर्विरोध उप जिला प्रमुख घोषित कर दिया। जिला परिषद के साथ जिले की सभी पंचायतों में प्रधान चुनने के बाद रविवार को उपप्रधान के लिए मतदान होना था। जिसमें सरमथुरा से निर्दलीय प्रत्याशी पतिराम मीना के इकलौते नामांकन के बाद उन्हें निर्विरोध उप प्रधान घोषित कर दिया गया।

धौलपुर पंचायत समिति में कांग्रेस की ओर से बबली गुर्जर को निर्विरोध को प्रधान बनाया गया है। इसी तरह बाड़ी की पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी नवल देवी का एकमात्र नामांकन आने के बाद उन्हें निर्विरोध उप प्रधान घोषित किया गया है। बसेड़ी पंचायत समिति में भी नामांकन के दौरान कांग्रेस की ओर से इंदिरा देवी ने अपना नामांकन दाखिल किया। जिन्हें निर्विरोध उप प्रधान घोषित किया गया। 4 पंचायतों और एक उप जिला प्रमुख के निर्विरोध घोषित किए जाने के बाद सैपऊ और राजाखेड़ा में उप प्रधान पद के लिए मतदान हुआ। जिसमें राजाखेड़ा में कांग्रेस की सीमा राजपूत ने 21 मत हासिल किए, जबकि भाजपा के मणिराम को महज 3 वोट मिले। मतगणना के बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सीमा राजपूत को पंचायत समिति का उप प्रधान घोषित कर दिया।

सैपऊ में देखने मिला बड़ा उलटफेर
सैंपऊ पंचायत चुनाव में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद भाजपा शनिवार को तो अपना प्रधान बनाने में कामयाब रही, लेकिन रविवार को उप प्रधान के लिए हुए मतदान में भाजपा की खासी किरकिरी हुई। उप प्रधान के लिए हुए मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी दुष्यंत बघेला को 14 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी राहुल को खुद का एक वोट मिला। इसके अलावा भाजपा के 12 सदस्यों ने नोटा में जाकर मतदान किया। जिसको लेकर भाजपा में अंदरूनी कलह साफ नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed