Wed. Jun 18th, 2025

हर घर में पानी पर 50 हजार करोड़ खर्च करेंगे : सीएम

बूंदी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, सड़क को प्राथमिकता पर लेकर काम कर रही है। हर घर में पानी पहुंचाने के लिए 50 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। पानी की पीड़ा को राजस्थानवासियों ने सदियों से झेला है। हिंडौली-नैनवां चंबल पेयजल परियोजना पर 1000 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। इसके वर्कआर्डर जारी हो गए हैं।यह बात उन्होंने हिंडौली क्षेत्र के ठीकरदा पंचायत में प्रशासन गांवों के संग अभियान का जायजा लेने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि तीसरी बार सीएम बना हूं, प्रदेश का चहुंमुखी विकास करने का हमारा उद्देश्य है। पहली बार सीएम बना तो दो-तीन बार अकाल पड़ा। उस समय हमने काम के बदले अनाज योजना लागू की। उस दौरान केंद्र में वाजपेयी सरकार थी।

वसुंधराजी ने कहा गहलोत तो गेहूं की भीख मांग रहे हैं। मैंने वसुंधराजी को जवाब दिया कि राजस्थान की जनता को भूख से बचाने के लिए मुझे भीख भी मांगनी पड़ती तो मुझे गर्व होगा।मैं 32 लाख मीट्रिक टन गेहूं लेकर आया। कोरोनाकाल में भी जनता का आह्वान किया तो सूखा राशन हो या पका हुआ खाना, घर-घर पहुंचाया गया। मैंने नारा दिया कि राजस्थान में कोई भूखा नहीं सोना चाहिए, इसे निभाया गया। कोरोना की दूसरी लहर काफी खतरनाक थी। ठीक भी हुए, लेकिन इसके साइड इफैक्ट भी आए। यहां मौजूद अधिकांश लोगों ने मास्क लगा रखे हैं, इसकी मुझे खुशी है। राजस्थान में फिर से केस बढ़ने लगे हैं। मास्क वैक्सीन का काम करता है।

इसको लगाना जरूरी है। सरकार आपके सुख-दुख में साथ है। उन्होंने प्रशासन गांवों के संग अभियान के कैंप के लिए कहा कि इसके जरिए आमजन को काफी फायदा मिल रहा है। आप निश्चित रहो, काम में कोई कमी नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा कि हमारे पास वोट की बात नहीं होती है, भावना की बात होती है। गरीब को गणेश मानकर उसकी सेवा करते हो तो राज करने का आपका नैतिक अधिकार है। लापरवाही करते हैं तो मैं मानता हूं कि आपको राज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने चिरंजीवी बीमा योजना के फाॅर्म भरवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो पैसे नहीं दे पा रहे हैं तो उनके लिए प्रयास करेंगे।

हमारी सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने वाली सरकार है-डोटासरा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष-शिक्षामंत्री गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा कि हमारी सरकार बनते ही 18 हजार करोड़ का किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला किया। निशुल्क दवा, निशुल्क जांच, पेंशन देने के बाद फैसला किया। पिछले साल ऐसा बजट दिया कि भाजपा की बोलती बंद हो गई। चिंरजीवी योजना देश में कहीं पर भी नहीं है। पांच लाख तक निशुल्क इलाज सुविधा दी गई।3देश के प्रधानमंत्री ने राजस्थान के कोरोना मॉडल की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने मंहगाई को लेकर जो वादे किए, सब हवा हो गए।

किसानों की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है। एक साल से किसान सड़क पर बैठे हैं। केंद्र सरकार ने 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, वो कहां गया। उन्होंने कहा कि 60 हजार से ज्यादा शिक्षा विभाग में नियुक्ति निकाली और नियुक्तियां निकाल रहे हैं। यह बेरोजगार को रोजगार देने वाली सरकार है। सीएम महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने से गरीब के बेटे को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा मिल रही है। 5000 की आबादी वाले कस्बों में सरकारी मीडियम स्कूल खोले गए।

घोषणा: सीएम ने सथूर बालिका मिडिल स्कूल को सैकंडरी में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। सथूर उपस्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत करते हुए पीएचसी बनाने की भी घोषणा की। घोषणा के महज डेढ़ घंटे बाद सथूर बालिका मिडिल स्कूल के क्रमोन्नति आदेश आ गए।

घर बैठे हो रहे जनता के काम-चांदना : खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि गांव के लोग अपने काम को लेकर दफ्तरों में जाते थे। कई बार काम होते तो कई बार नहीं होते। उनको यह तक पता नहीं था कि उनका काम कहां होगा। प्रशासन गांवों के संग अभियान शुरू कर मुख्यमंत्री ने आमजन को राहत पहुंचाई है। अभियान के माध्यम से दफ्तर ही गांव में पहुंच गया है। प्रशासन सीरियस होकर काम कर रहा है। सीएम ने 1000 करोड़ की हिंडौली-नैनवां चंबल पेयजल योजना की घोषणा की। जल्द ही काम दिखने लगेगा। हर घर में नल लगेगा। महिलाओं को मटकी लेकर पानी भरने के लिए घर से बाहर नहीं निकलना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed