माउंट आबू में सर्द हवाओं से बढ़ी ठंडक:हिल स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर पहुंचा, सुबह-शाम तेज ठंड का असर
माउंट आबू प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में फिर मौसम में बदलाव आया है। जिससे यहां फिर से ठंडक बढ़ गई है। शहर में बुधवार की रात सबसे अधिक ठंडी रही। हालांकि गुरुवार को तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन सर्द हवाओं के कारण ठंडक बरकरार रही। माउंट आबू में बुधवार रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर रहा। बुध और गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अचानक बदल रहे मौसम का सीधा असर आमजन की सेहत पर भी पड़ रहा है।
शहर में सवेरे 8 बजे तक पहाड़ियों, वादियों और गुरु शिखर जाने वाले रोड पर पूरा शहर कोहरे की आगोश में दिखाई देने लगा है। सुबह 9 बजे बाद पूरी तरह से धूप खिलने पर लोगों को सर्दी से हल्की राहत जरूर मिलती है। सवेरे और शाम को 5 बजे बाद तेज ठंड लगने लग जाती है। सवेरे 7 बजे तक गाड़ियों, कार के कांच, बाइक की सीट और पौधों की पत्तियों पर ओस की बूंदें दिखाई देने लग गई है। मौसम में लगातार बढ़ रही सर्दी और हवाओं के चलते से लोग ऊनी कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
धूप निकलने के बाद माउंट आबू घूमने आए सैलानी गुरु शिखर सेल्फी पॉइंट, सनसेट, मिनी नक्की लेक, नक्की लेक पर वादियों को निहारते दिख रहे हैं। पर्यटक यहां की खूबसूरत वादियों को अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं।
माउंट का 5 दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
तारीख | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
25 नवंबर | 5 डिग्री सेल्सियस | 22 डिग्री सेल्सियस |
24 नवंबर | 4 डिग्री सेल्सियस | 22 डिग्री सेल्सियस |
23 नवंबर | 5 डिग्री सेल्सियस | 21 डिग्री सेल्सियस |
22 नवंबर | 5 डिग्री सेल्सियस | 22 डिग्री सेल्सियस |
21 नवंबर | 4 डिग्री सेल्सियस | 22 डिग्री सेल्सियस |