शादी में जबलपुर आया जर्मन युवक पॉजिटिव, रिसेप्शन में 2000 लोग जुटे थे

मध्य प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। 24 घंटे में 16 नए पॉजिटिव मिले हैं। 10 दिन बाद इंदौर में सबसे ज्यादा 8 कोरोना केस आए हैं। भोपाल में 6 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यहां एक 84 साल की कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई है। वहीं जबलपुर में 2 नए केस आए हैं। जबलपुर टूरिज्म प्रमोशन ऑफ काउंसिल (JTPCL) के सीईओ हेमंत सिंह के बेटे की शादी में आया जर्मन युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। रिसेप्शन में 2000 लोग शामिल हुए थे। प्रदेश में सोमवार को 13 मरीज ठीक भी हुए। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 140 हो गई है।
प्रदेश में 19 दिन में 288 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। रोजाना औसत 15 केस मिल रहे हैं। इन 19 दिन में सबसे ज्यादा पॉजिटिव भोपाल में 129 आए हैं। यहां रोज औसतन 7 केस आ रहे हैं। इसके अलावा 19 दिन में इंदौर में 100 संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 266 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 597 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 10 हजार 529 लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को 13 मरीज ठीक हुए। प्रदेश में रिकवरी रेट 98% से ज्यादा है।
वाराणसी भी गया था जर्मन युवक
जबलपुर टूरिज्म प्रमोशन ऑफ काउंसिल (JTPCL) के सीईओ हेमंत सिंह के बेटे की शादी में आया जर्मन युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। परिवार ने विदेशी मेहमान के आने की जानकारी प्रशासन से छिपाई थी। ये विदेशी मेहमान जबलपुर के अलावा शादी में प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी भी गया था। वह महिला दोस्त के साथ बांधवगढ़ भी गया था। संपर्क में आए 40 लोगों के सैंपल हेल्थ विभाग ने सोमवार को लिए हैं। बता दें कि कोविड की पहली लहर में नगर निगम के तत्कालीन उपायुक्त राकेश अयाची के बेटे की शादी से कोरोना बम फूटा था। ऐसी ही लापरवाही एक साल बाद हुई है।