रात का तापमान 7.5 डिग्री:सीजन का पहला कोहरा, दृश्यता 100 मीटर से भी कम, कोहरे ने धामी गाडीयों की रफ्तार
चूरू पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने एवं उत्तर भारत के राज्यों में बर्फबारी के साथ ही चूरू जिले में सर्दी शुरू हो गई। मंगलवार को सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा।
कोहरे की दृश्यता 100 मीटर से कम थी, जिससे सड़कों पर वाहन धीमी गति से गुजरे। कोहरे के साथ ही सर्दी भी बढ़ गई। तापमान में गिरावट हुई। अधिकतम 24.2 एवं न्यूनतम तापमान 7.5 दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले सोमवार को अधिकतम 25.5 एवं न्यूनतम तापमान 10.6 था।
24 घंटे में दिन के तापमान में 1.3 एवं रात में 3.1 डिग्री तक गिरावट हुई। कोहरे का असर चूरू, तारानगर, साहवा, राजगढ़, सरदारशहर में रहा। चूरू में सुबह 8.45 बजे तक कोहरे का असर रहा। 9 बजे कोहरा छंटते ही लोगों ने राहत महसूस की।
रात के तापमान में और आएगी गिरावट
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर भारत में हुई बर्फबारी का असर प्रदेश में पड़ेगा। चूरू, सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर सहित अन्य जिलों में रात के तापमान में गिरावट होगी।