जयपुर नगर निगम हेरिटेज उपचुनाव:2 वार्डो में 8 प्रत्याशी मैदान में, 21,322 वोटर करेंगे फैसला; 23 दिसंबर को आएगा रिजल्ट

जयपुर नगर निगम हेरिटेज के दो वार्डो में उपचुनाव के लिए आज सुबह से वोटिंग शुरू हो गई। वार्ड 97 के लिए जवाहर नगर स्थित सत्यसाई कॉलेज और वार्ड 57 के लिए परकोटा स्थित पुरानी बस्ती में 3 जगहों पर पोलिंग बूथ पर सुबह-सुबह वोटरों की भीड़ रही। सुबह 10 बजे तक वार्ड 57 में 15.51 और वार्ड 97 में करीब 14 फीसदी वोटरों ने वोट डाले। वोटिंग शाम 5:30 बजे तक चलेगी और काउंटिंग 23 दिसंबर को होगी। इन दोनों जगह कुल 21 हजार 322 वोटर है, जो आज दोनों वार्डों में पार्षद पद के लिए खड़े हुए 8 उम्मीदवार के भाग्य का फैसला करेंगे।
पिछले साल नवंबर 2020 में जब चुनाव हुए थे तब दोनों वार्डो में एक पर कांग्रेस और एक पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में वार्ड 57 से भाजपा के महेन्द्र कुमार ढलैत जीते थे। इस साल अप्रैल में महेन्द्र कुमार का एक रोड एक्सीडेंट में निधन हो गया था। अब उनकी जगह भाजपा ने उनके बेटे हिमांशु ढलैत को टिकट देकर मैदान में उतारा है। इसी तरह आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में के वार्ड 97 से माया देवी कांग्रेस से जीतकर आई थी, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में मई में उनका निधन हो गया था। मायादेवी के निधन के बाद उनके पति फूलचंद ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद कांग्रेस ने उनकी दूसरी पत्नी सुनीता को मैदान में उतारा है।
वर्तमान बोर्ड की स्थिति देखे तो जयपुर नगर निगम हैरिटेज में 100 वार्डो में से भाजपा के पास 41, कांग्रेस के पास 46 और 11 निर्दलीय पार्षद है। इन निर्दलीयों में 9 कांग्रेस को सपोर्ट दे रहे है। जबकि 2 भाजपा को समर्थन दे रखा है। अगर दोनों ही वार्डों में भाजपा जीतती है तो कांग्रेस के बोर्ड पर इन परिणामों का कोई खास असर नहीं पड़ेगा। वहीं अगर कांग्रेस दोनों जगह जीतती है तो कांग्रेस की स्थिति थोड़ी मजबूत होगी।
ये उम्मीदवार भी मैदान में
रिटर्निंग अधिकारी रामअवतार गुर्जर ने बताया कि वार्ड 57 और 97 में चार-चार प्रत्याशी चुनावी लड़ रहे है। वार्ड 97 में कांग्रेस से सुनीता और भाजपा से प्रेमदेवी के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार लीला देवी, भारती सिसोदिया है। वहीं वार्ड 57 से भाजपा के हिमांशु ढलेत और कांग्रेस से महेश तम्बोली के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार सुरेश कुमार वर्मा और घनश्याम भी चुनावी मैदान में डटे हुए है।