नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- राज्य में सत्ता परिवर्तन की चल रही लहर
चकराता: मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने अपने ही विधानसभा क्षेत्र चकराता के क्वांसी-बिनसोन क्षेत्र से चुनावी हुंकार भरी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, राज्य में सत्ता परिवर्तन की लहर चल रही है। जुमलेबाज भाजपा सरकार की गलत नीतियों से तंग आकर लोग कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी में क्वांसी-बिनसोन क्षेत्र के करीब डेढ़ सौ ग्रामीण परिवारों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की
चकराता विधानसभा से जुड़े सात खतों के केंद्र बिंदु क्वांसी और मशक-बिनसोन में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने जनसभा को संबोधित किया। मिनी स्टेडियम क्वांसी में मौजूद जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार के राज में जनजाति क्षेत्र जौनसार-बावर का विकास पूरी तरह ठप पड़ गया। सरकार के पास जौनसार में विकास के नाम पर कोई एक बड़ी उपलब्धि गिनाने के लिए नहीं है। पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में चकराता के पुरोड़ी और त्यूणी में दो डिग्री कालेज खोले गए, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं को घर के पास उच्च शिक्षा का लाभ मिल रहा है। ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास को कांग्रेस के शासनकाल में लाखामंडल, क्वांसी, साहिया, त्यूणी, कालसी में राजकीय पालिटेक्निक और आइटीआइ की स्थापना की गई
क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा सुधारने को त्यूणी में सौ बेड क्षमता के नर्सिंग कालेज की आधारशिला रखी गई। इसके अलावा क्षेत्र विकास में महत्वपूर्ण हनोल-त्यूणी, आराकोट-त्यूणी और प्लासू-त्यूणी समेत तीन जल विद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास करने के साथ अनेकों विकास कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस के शासन में शुरू किये गए तमाम विकास कार्य भाजपा के राज में रोक दिये गए। भाजपा के डबल इंजन वाली सरकार में तेजी से बढ़ती मंहगाई के चलते लोग बेहाल है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार को जुमलेबाज बताया और कहा कि इस सरकार ने गरीबों की थाली से मुंह का निवाला छीन लिया। उन्होंने कहा कि, जिस उम्मीद और विश्वास के साथ प्रदेशवासियों ने भाजपा को सत्ता की बागडोर सौंपी थी, वह बेकार चली गई। लोग खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। भाजपा ने पर्वतीय राज्य का विकास करने के बजाए राज्य गठन के बाद तीन मुंख्यमंत्रियों को बदलने का रिकार्ड बनाया। कहा कि, आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाएगी