Tue. Apr 29th, 2025

बकरालवाला में बनाया गया नया पुल आवागमन को खुला

देहरादून: शहर में पिछले साल जुलाई में भारी बारिश के वक्त बकरालवाला में टूटे पुल की जगह पर बना नया पुल रविवार को जनता के आवागमन को खोल दिया गया। पुल टूटने से बीते नौ माह से बकरालवाला और डोभालवाला के क्षेत्र की हजारों की आबादी परेशान थी और उन्हें लंबा चक्कर काटकर आना पड़ता था। यातायात दबाव को देखते हुए नए पुल की चौड़ाई ज्यादा रखी गई है। पुल 20 मीटर लंबा एवं छह मीटर चौड़ा है।

रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, महापौर सुनील उनियाल गामा एवं राजपुर विधायक खजानदास ने पुल का लोकार्पण किया। यह पुल बकरालवाला-डोभालवाला को आपस में जोड़ता है। महापौर गामा ने बताया कि नए पुल का निर्माण नगर निगम ने कराया है। नए पुल के निर्माण की पहले अनुमानित राशि 25 लाख तय हुई थी मगर पुल चौड़ा बनाने के कारण यह राशि बढ़ाई गई। बता दें कि पिछले साल 27 जुलाई को मानूसनी बरसात में यह पुल टूट गया था। अगले ही दिन महापौर ने नगर निगम और लोनिवि के अधिकारियों के साथ टूटे पुल का निरीक्षण कर नए पुल का निर्माण कराने का प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया था। पुल की जर्जर स्थिति के बारे में महापौर को दो दिन पहले सूचना मिल गई थी। जिस वजह से उन्होंने नगर निगम के जरिये इस पुल के दोनों तरफ दीवार निर्माण कराया था। जिस वजह से पुल गिरने के कारण कोई दुर्घटना न हो। गत 31 अक्टूबर को महापौर ने नए पुल का शिलान्यास किया था। इस अवसर पर नगर आयुक्त अभिषेक रूहेला व निगम के अधिशासी अभियंता अनूप भटनागर एवं पार्षद डा. बिजेंद्रपाल सिंह व रमेश बुटोला आदि मौजूद रहे। महापौर व विधायक ने की सफाई

मुख्यमंत्री की ओर से सभी नगर निकायों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश पर महापौर सुनील उनियाल गामा व राजपुर विधायक खजानदास ने रविवार को पुल के लोकार्पण के बाद बकरालवाला में स्वच्छता का कार्य भी किया। दोनों ने सड़क पर झाड़ू लगाई व कूड़ा उठाया। महापौर ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 के तहत हमें शहर को उत्कृष्ट स्थान दिलाना है। प्लास्टिक का बहिष्कार भी अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें दैनिक जीवन में इको फ्र ंडली सामग्रियों का इस्तेमाल अधिक से अधिक करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *