स्वास्थ्य निदेशक को अस्पताल में स्टाफ की कमी के बारे में बताया
रुड़की: सिविल अस्पताल में सोमवार को स्वास्थ्य निदेशक डा. भारती राणा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लेबर रूम और फ्रैबिकेटेड वार्ड का निरीक्षण किया। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध स्टाफ, संसाधन और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
सोमवार को सिविल अस्पताल में गढ़वाल मंडल की स्वास्थ्य निदेशक डा. भारती राणा निरीक्षण के लिए पहुंची। स्वास्थ्य निदेशक डा. भारती राणा ने अस्पताल में उपलब्ध स्टाफ और संसाधनों के बारे में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डा. संजय कंसल से जानकारी एकत्रित की। सीएमएस डा. संजय कंसल ने स्वास्थ्य निदेशक डा. भारती राणा को अस्पताल में डाक्टरों की कमी के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में फिजिशियन, ईएनटी सर्जन, पिडियाट्रिक और स्किन स्पेशलिस्ट नहीं हैं। आर्थाे सर्जन भी एक ही हैं। जबकि, अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। वहीं स्टाफ के अभाव में 11 बेड के आइसीयू वार्ड का संचालन नहीं हो पा रहा है। स्वास्थ्य निदेशक ने जल्द अस्पताल को स्टाफ उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। वहीं इसके बाद उन्होंने लेबर रूम, अस्पताल में बन रहे फ्रैबिकेटेड वार्ड आदि का निरीक्षण किया। सीएमएस डा. संजय कंसल ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव ने प्रदेश के बड़े अस्पतालों में स्टाफ, संसाधन आदि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित क्या-क्या कमियां हैं, इसे लेकर स्वास्थ्य निदेशक को निरीक्षण के लिए भेजा है। बताया कि स्वास्थ्य निदेशक को अस्पताल में स्टाफ और जिन मशीनों की जरूरत है उनके बारे में बताया गया है। साथ ही स्टाफ और संसाधनों की मांग की गई है