Mon. Jun 16th, 2025

मेसी ने पहली बार अर्जेटीना के लिए दागे पांच गोल, नेमार के गोल से जीता ब्राजील

पेंपलोना,  दिग्गज खिलाड़ी लियोन मेसी ने स्पेन में अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबाल मैच में एस्टोनिया के खिलाफ 5-0 की जीत के दौरान पहली बार अर्जेटीना की ओर से पांच गोल दागे और अंतरराष्ट्रीय पुरुष फुटबाल में सर्वाधिक गोल दागने वालों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए।

मेसी ने आठवें मिनट में पेनाल्टी पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। फिर 45वें मिनट में उन्होंने पापु गोमेज के पास पर गोल कर टीम की बढ़त दोगुना कर दी। एस्टोनिया की टीम जब तक संभल पाती उससे पहले ही मेसी ने 47वें मिनट में नाहुएल मोलिना के क्रास पर गोल दागा। मेसी ने अपने खेल को लगातार बरकरार रखते हुए 71वें मिनट में बाक्स के सेंटर से गोल कर टीम की बढ़त 4-0 कर दी।

उन्होंने फिर इसके पांच मिनट बाद ही 76वें मिनट में बाक्स के सेंटर से शाट मारकर टीम के लिए पांचवां गोल किया। मेसी ने इससे पहले अर्जेटीना की ओर से सीनियर स्तर पर कभी किसी मैच में पांच गोल नहीं दागे थे। अर्जेटीना के इस स्टार खिलाड़ी ने इस दौरान हंगरी के पूर्व महान खिलाड़ी फ्रेनेक पुस्कास को पीछे छोड़ा, जिनके नाम पर 84 गोल दर्ज हैं।

पुर्तगाल की जीत में रोनाल्डो ने दागा गोल :

अंतरराष्ट्रीय फुटबाल में सर्वाधिक गोल करने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने नेशन्स लीग में स्विट्जरलैंड के खिलाफ पुर्तगाल की 4-0 की जीत में दो गोल दागे। पुर्तगाल के लिए विलियम कारवाल्हो ने 15वें, रोनाल्डो ने 35वें और 39वें तथा जोआओ कांसेलो ने 68वें मिनट में गोल किए।

नेमार के गोल से जीता ब्राजील

ब्राजील ने 77वें मिनट में पेनाल्टी पर नेमार के गोल की मदद जापान को दोस्ताना मैच में 1-0 से हरा दिया। नेमार का यह राष्ट्रीय टीम के लिए 74वां गोल था और वह पेले के रिकार्ड से तीन गोल पीछे ही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed