फीफा ने भारतीय फुटबालर सुनील छेत्री को किया सम्मानित, उनके जीवन और करियर पर जारी की सीरीज

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। फुटबाल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा ने भारतीय फुटबाल टीम के कप्तान सुनील छेत्री को सम्मानित करते हुए उनके जीवन और करियर पर तीन एपिसोड की वीडियो सीरीज जारी की। फीफा ने घोषणा की कि यह सीरीज उनके स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म फीफा प्लस पर उपलब्ध होगी। फीफा ने अपने विश्व कप हैंडल से ट्वीट किया कि आपको रोनाल्डो और मेसी के बारे में सब कुछ पता है, अब सक्रिय पुरुष खिलाड़ियों में तीसरे सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी की कहानी जानिए। सुनील छेत्री-कैप्टन फेंटास्टिक अब फीफा प्लस पर उपलब्ध है।’
सीरीज में होंगे तीन एपिसोड
पहला एपिसोड : सीरीज के पहले एपिसोड के बारे में फीफा ने कहा कि पहला एपिसोड हमें वापस वहां ले जाएगा जहां से इसकी शुरुआत हुई.. 20 साल की उम्र में उनके भारत की ओर से पदार्पण करने से पहले की कहानी। करीबी साथी, प्रियजन और फुटबाल के साथियों ने कहानी सुनाने में मदद की। इसके अलावा वह स्वयं भी, उन्हें प्यार से कप्तान, लीडर और लीजेंड भी कहा जाता है।
दूसरा एपिसोड : दूसरे एपिसोड में राष्ट्रीय टीम की ओर से छेत्री के शानदार प्रदर्शन और उनके शीर्ष स्तरीय विदेशी क्लबों की ओर से पेशेवर फुटबाल खेलने के सपने का जिक्र है।
तीसरा एपिसोड : तीसरे एपिसोड में छेत्री अपने पेशेवर करियर के शीर्ष पर पहुंचते हैं और उनकी निजी जिंदगी की जानकारी है। ट्राफी और रिकार्ड का भी जिक्र है।
नंबर गेम –
38 साल के छेत्री 84 गोल के साथ सक्रिय खिलाड़ियों में सबसे अधिक गोल करने वालों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। सक्रिय खिलाड़ियों में उनसे अधिक गोल सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो (117) और लियोन मेसी (90) ने ही किए हैं।
– 2005 में भारत के लिए पदार्पण करने के बाद से छेत्री ने 131 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।