Tue. Apr 29th, 2025

उत्‍तराखंड में मौसम ने बदली करवट, आज हो सकती है बर्फबारी और बारिश

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फ‍ि‍र करवट बदलने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। पहाड़ों में बादल मंडराने से ठिठुरन बढ़ गई है।

उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात और निचले इलाकों में वर्षा हो सकती है।

बता दें कि प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में हल्के हिमपात के दो से तीन दौर हो चुके हैं। जिससे प्रदेश में दिन ब दिन ठंड में भी इजाफा हो रहा है। रविवार को ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहा। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में देर शाम आंशिक बादल छा गए।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में आज सोमवार को मौसम करवट बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हिमपात होने की आशंका है। शेष पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है।

कुमाऊं में तापमान में गिरावट आने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार चार जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। रविवार को नैनीताल के तापमान में एक डिग्री की कमी दर्ज की गई। वहीं, बागेश्वर जनपद का पारा भी दहाई के अंक से नीचे आया गयाहै।

नई टिहरी की सर्द हवाओं से नगरवासी परेशान है। पिछले करीब एक सप्ताह से शाम के समय काफी तेज हवाएं चल रही हैं जिस कारण नगरवासियों को कड़ाके की सर्दी से जूझना पड़ रहा है। दिन में जब तक धूप है तब तक कुछ राहत मिलती है लेकिन शाम को चार बजे के बाद नई टिहरी में सर्द हवा चलनी शुरू हो जाती है। सर्द हवा के चलते बुजुर्ग भी घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं क्योंकि इससे उनके बीमार होने का भय बना रहता है। हवा चलने से शाम के समय बाजार में भी रौनक कम दिखाई देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *