पेले और क्लोज से आगे निकल गए क्रिस्टियानो रोनाल्डो और बना डाला सबसे बड़ा रिकार्ड

अपना पांचवां और अंतिम विश्व कप खेल रहे पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो गुरुवार को जब मैदान पर उतरे, तो पूरी दुनिया की निगाहें इस सितारे पर थी। घाना के विरुद्ध ग्रुप एच मुकाबले में रोनाल्डो ने 65वें मिनट में टीम के लिए पहला गोल दागने के साथ ही वह कर दिखाया जो कोई पुरुष फुटबालर नहीं कर सका है। रोनाल्डो पांच अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पेले, उवे सीलर और मिरास्लोव क्लोज को पीछे छोड़ा, जिन्होंने चार विश्व कप में गोल दागे थे
विश्व कप के 18 मैचों में रोनाल्डो का यह आठवां गोल भी था। रोनाल्डो ने अपना पहला गोल 2006 में ईरान के विरुद्ध दागा था। 2010 में उत्तर कोरिया, 2014 में घाना, 2018 में स्पेन के विरुद्ध रोनाल्डो ने गोल किया था। उनका सबसे सफल विश्व कप चार साल पहले रूस में रहा था, जहां उन्होंने चार गोल दागे थे, जिसमें स्पेन के खिलाफ हैट्रिक भी शामिल थी। दोहा के स्टेडियम 974 में खेले गए मुकाबले का पहले हाफ तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं, हालांकि दसवें मिनट में पुर्तगाल के पास बढ़त बनाने का मौका था, लेकिन घाना के गोलकीपर लारेंस अती जिगी ने रोनाल्डो को गोल करने से रोक दिया। मैच का दूसरा हाफ सांसें रोक देने वाला रहा। 65वें मिनट में पेनाल्टी एरिया में घाना के मोहम्मद सिलिसू ने रोनाल्डो पर फाउल किया
पुर्तगाल को पेनाल्टी मिली और रोनाल्डो ने इसे गोल में तब्दील कर इतिहास रच दिया। छह मिनट बाद ही डेनियल आमार्ते के पास पर आंद्रे एयू ने घाना को बराबरी दिला दी। पांच मिनट बाद ही जोआओ फेलिक्स ने एक बार फिर पुर्तगाल को 2-1 से आगे कर दिया। ब्रूनो फर्नांडेज ने अपने कौशल का परिचय देते हुए राफेल लिआयो को शानदार पास दिया और लियाओ ने इसे गोल कर पुर्तगाल की को 3-1 से आगे कर दिया। अंतिम मिनटों में उस्मान बुखारी ने घाना के लिए दूसरा गोल दागा। अतिरिक्त समय में पुर्तगाल के गोलकीपर की एक गलती टीम पर भारी पड़ सकती थी। दरअसल, गेंद को किक करने के प्रयास में उन्होंने गेंद को जैसे ही रखा, पास खड़े घाना के खिलाड़ी ने गेंद को कब्जे में भी ले लिया था। लेकिन वह गोल करने में चूक गए।
नंबर गेम
-118वां अंतरराष्ट्रीय गोल कर रोनाल्डो ने सबसे ज्यादा गोल का अपना रिकार्ड तोड़ा 08 गोल दाग चुके हैं रोनाल्डो अब तक विश्व कप में 2006 में ईरान के विरुद्ध दागा था पहला विश्व कप गोल।
गोल
पुर्तगाल -3 क्रिस्टियानो रोनाल्डो (65वां मिनट) जोआओ फेलिक्स (78वां मिनट) राफेल लियाओ (80वां मिनट)
घाना-2 आंद्रे एयू (73वां मिनट) उस्मान बुखारी (89वां मिनट)