Sat. May 31st, 2025

भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार तीसरी जीत, दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप में दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हरा दिया। बुधवार (14 दिसंबर) को पूल-बी के मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी जीत हासिल की। सेमीफाइनल में पहले ही जगह बना लेने वाली इस टीम ने ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। भारत के लिए दीप ग्रेस एक्का और गुरजीत कौर ने एक-एक गोल किया।

मैच में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। उसने पहले ही क्वार्टर से दक्षिण अफ्रीकी टीम पर दबाव बनाए रखा। इसका फायदा 14वें मिनट में टीम इंडिया को मिला। दीप ग्रेस एक्का ने बेहतरीन गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद दूसरे और तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। मैच समाप्त होने से एक मिनट पहले चौथे क्वार्टर में भारत ने एक और गोल किया। 59वें मिनट में गुरजीत कौर ने गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। विश्व की आठ नंबर की टीम भारत ने ग्रुप में नौ अंक हासिल किए। इससे पहले उसने चिली को 3-1 और जापान को 2-1 से हराया था।

आठ टीमों का यह टूर्नामेंट भारत के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह प्रमोशन-रेलीगेशन की प्रणाली में मुख्य भूमिका निभाता है। टूर्नामेंट के चैंपियन को 2023-24 एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में पदोन्नत किया जाएगा। एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग अगले साल होने वाले एशियाई खेलों और 2024 पेरिस ओलंपिक से पहले एक महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed