Tue. May 6th, 2025

MP में 13.39 लाख मतदाता बढ़े:प्रदेश में अब 5.39 करोड़ वोटर; पुरुष के मुकाबले महिलाएं आगे

मध्यप्रदेश में वोटरों की संख्या 5 करोड़ 39 लाख 85 हजार 876 हो गई है। एक महीने चले वोटर लिस्ट अपडेशन में 13 लाख 39 हजार नए मतदाता बढ़े हैं। इनमें महिला वोटर ज्यादा है। पुरुष के मुकाबले महिलाओं के 75 हजार से ज्यादा नाम जुड़े हैं। 18-19 एज ग्रुप में 11 लाख 81 हजार 747 वोटर हो गए हैं, जो आने वाले चुनावों में पहली बार वोट डालेंगे। वहीं, 80 या इससे अधिक उम्र के मतदाताओं का आंकड़ा 7 लाख 40 हजार के पार पहुंच गया है। गुरुवार को प्रदेश के 64 हजार 100 पोलिंग बूथ पर BLO की मौजूदगी में वोटर लिस्ट लगाई गई। प्रदेश में नाम जोड़ने-हटाने या संशोधन की प्रोसेस लगातार चलेगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि मध्यप्रदेश में 9 नवंबर से 8 दिसंबर के बीच मतदाता संक्षिप्त पुर्नरिक्षण की कार्रवाई की गई। इस दौरान 64 हजार 100 मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहे। उनकी मदद से फार्म-6 (नाम जोड़ने), फार्म-7 (नाम हटाने) और फार्म-8 (संशोधन) आवेदन लिए गए।

इतने आवेदन आए
नाम जोड़ने के लिए कुल 19 लाख 31 हजार 205 फार्म-6 के आवेदन आए थे। इनमें से 18 लाख 82 हजार 701 आवेदन मंजूर किए गए। फार्म-7 के 6 लाख 12 हजार आवेदन आए। जिनमें से 5 लाख 68 हजार आवेदन मंजूर हुए। यानी, इतने नाम हटाए गए। इसी प्रकार फार्म-8 के 6 लाख 90 हजार 991 आवेदन आए और 6 लाख 53 हजार 717 मंजूर किए गए। इस तरह कुल 32 लाख 34 हजार 258 फार्म मिले, जिनमें से 31 लाख 5 हजार 40 आवेदन मंजूर किए गए।

इतने नाम बढ़े-घटे
प्रदेश में कुल 18 लाख 82 हजार 701 नाम जोड़े गए हैं, जबकि 5 लाख 68 हजार नाम हटाए गए हैं। इस तरह 13 लाख 39 हजार नाम बढ़ गए हैं। नवंबर से पहले 5 करोड़ 26 लाख संख्या थी, जो अब 5 करोड़ 37 लाख 85 हजार 876 हो गई है। आंकड़े में 2.54 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

प्रदेश के 41 जिलों में महिलाओं का आंकड़ा ज्यादा
प्रदेश के 52 में से 41 जिले ऐसे हैं, जहां महिला वोटरों के नाम ज्यादा जुड़े हैं। महिला वोटरों का आंकड़ा 7.07 लाख बढ़ा है, जबकि 6.32 लाख पुरुष मतदाता बढ़े हैं।

बुजुर्ग, दिव्यांग वोटरों का इतना आंकड़ा

  • 80 या इससे अधिक उम्र के वोटरों की संख्या 7 लाख 40 हजार 261 हो गई है। चुनावों में इन मतदाताओं को घर से मतदान करने की व्यवस्था दी जाती है।
  • दिव्यांग वोटर 5 लाख 7 हजार 865 हैं।
  • थर्ड जेंडर 1432 है।
  • 18-19 एज ग्रुप में 11 लाख 81 हजार 747 वोटर हैं।

अक्टूबर तक 18 साल उम्र पूरी करेंगे 1.09 लाख वोटर
पहली बार 17 साल से अधिक उम्र वाले युवाओं के आवेदन भी लिए गए हैं। ऐसे 1 लाख 9 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। ये युवा 1 जनवरी से 1 अक्टूबर के बीच में 18 साल की उम्र पूरी करेंगे।

आधार से लिंक किए वोटर आईडी
मध्यप्रदेश में वोटर आईडी आधार से लिंक किए जा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने बताया कि छुटे हुए मतदाताओं के आधार भी एकत्रित किए हैं। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 9 लाख 21 हजार आधार एकत्रित किए हैं। अब तक 4 करोड़ 62 लाख मतदाताओं के आधार नंबर प्राप्त हो चुके हैं, जो 85.60 प्रतिशत है।

भोपाल में 51 हजार से ज्यादा वोटर बढ़े
राजधानी भोपाल में 51 हजार 466 वोटर बढ़े हैं। इनमें महिला वोटरों का आंकड़ा ज्यादा है। वहीं, थर्ड जेंडर वोटर भी बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा वोटर हुजूर और नरेला विधानसभा में बढ़े, जबकि भोपाल मध्य में वोटरों की संख्या सबसे कम बढ़ी है। भोपाल के सभी 2013 पोलिंग बूथ पर वोटर लिस्ट लगाई गई है। BLO यानी बूथ लेवल ऑफिसर ‘चुनावी पाठशाला’ कर रहे हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव और सुपरवाइजर विनोद मेहरा ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पुनिरीक्षण का काम किया गया। 26 दिसंबर तक प्राप्त हुए आवेदनों का निराकरण किया गया। वहीं, 5 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला कर मतदाता सूची का वाचन कर रहे हैं।

भोपाल में इतने बढ़े वोटर

कैटेगिरी पहले अब अंतर
पुरुष 10,14,624 10,38,943 24,319
महिला 9,35,255 9,62,391 27,136
थर्ड जेंडर 165 176 11
कुल 19,50,044 20,01,510 51,466

किस विधानसभा में कितने बढ़े वोटर

विधानसभा पहले अब अंतर
बैरसिया 2,29,270 2,34,024 4,754
भोपाल उत्तर 2,34,674 2,37,706 3,032
नरेला 3,22,426 3,37,432 15,006
भोपाल दक्षिण-पश्चिम 2,23,679 2,25,999 2,320
भोपाल मध्य 2,38,809 2,39,558 7,49
गोविंदपुरा 3,70,226 3,77,829 7,603
हुजूर 3,30,795 3,48,786 17,991

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *