Sun. May 4th, 2025

छह नर्सरियों में लगाए जाएंगे फलों के पौधे

पिथौरागढ़। उद्यान विभाग जिले की छह नर्सरियों में पुराने हो चुके फलों के पेड़ों के बदले नए पौधे लगाए। इन नर्सरियों में शीतकाल में सेब, कीवी और अखरोट के पौधों का प्लांटेशन किया जाएगा। पौधों के लिए विभाग ने डिमांड भेज दी है। पौधे मिलते ही प्लांटेशन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

डीएचओ त्रिलोकी राय ने बताया कि उद्यान विभाग भटका, डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, तिकसेन, बलाती नर्सरी में सेब, कीवी और अखरोट के पौधे लगाएगा। इन नर्सरियों में एएम-9 रूट स्टॉक नस्ल का सेब लगाया जाएगा। भटका नर्सरी में एक हजार, डीडीहाट में 200, गंगोलीहाट एवं बेड़ीनाग में 400, तिकसेन में 500 और बलाती में 1500 पौधे सेब के लगाएगा। इसके अलावा इन सभी नर्सरियों में अखरोट और कीवी के पौधे भी लगाए जाएंगे। बता दें कि इन नर्सरियों में सेब, कीवी और अखरोट का अच्छा उत्पादन होता है। पौधों के पुराने होने से उत्पादन कम हो पा रहा है। इसी को देखते हुए नर्सरियों में शीतकाल में प्लांटेशन करने का निर्णय लिया गया है। प्लांटेशन के बाद इन पौधों की सुरक्षा भी की जाएगी।

उद्यान विभाग की कई नर्सरियां पड़ी हैं बंजर
पिथौरागढ़। उद्यान विभाग की कई नर्सरियां बंजर पड़ी हैं। कनालीछीना विकासखंड के पास लगी उद्यान विभाग की नर्सरी में कुछ साल पहले तक माल्टा, सेब, आड़ू, पांगर सहित कई अन्य सब्जियों का बड़ी मात्रा में उत्पादन किया जाता है। पिछले कुछ सालों से यह नर्सरी पूरी तरह बंजर पड़ी है। यहां से स्थानीय किसानों को समय-समय पर पौधे भी उपलब्ध कराए जाते थे। नर्सरी के बंजर होने से किसानों को पौधे भी नहीं मिल पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *