कंडल में सिंचाई के लिए नया नलकूप लगाने की तैयारी
विस्थापित क्षेत्र कंडल में नया नलकूप लगाने की तैयारी हो रही है। जिससे क्षेत्र के किसानों की सिंचाई की समस्या दूर हो सकेगी। विभागीय स्तर पर नलकूप के लिए टेंडर की प्रक्रिया को भी शुरू कर दिया गया है।
विस्थापित क्षेत्र अठूरवाला कंडल नगर पालिका के वार्ड 7 क्षेत्र के लोगों के लिए नलकूप विभाग नया नलकूप लगाने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। जिससे किसानों को सिंचाई की समस्या से दो चार नहीं होना पड़ेगा। कंडल में नलकूप फेल हो जाने से क्षेत्र की फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही थी। नतीजा किसानों और क्षेत्र के लोगों को परेशानियां और क्षति उठाने के लिए विवश होना पड़ रहा था।
सैकड़ों बीघा जमीन बिना सिंचाई के बर्बाद हो रही थी। नगर पालिका सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि कंडल में सिंचाई नहीं होने से फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो रही थी। नया नलकूप लगने से सिंचाई के अलावा पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। बंजर हो रही फसल को हरा भरा किया जा सकेगा। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक बृजभूषण गैरोला का आभार जताया। नलकूप खंड के अवर अभियंता रिंकू सिंह ने बताया कि अठूरवाला कंडल में नलकूप निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई। जल्द आगे की औपचारिकताओं को पूरा कराया जाएगा, जिससे जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके