आगरा घूमने आई स्पेन की महिला ने टैक्सी में वॉलेट छोड़ा, जीआरपी ने वापस दिलाया

आगरा। स्पेन की रहने वाली एलजेंड्रा तेरह लोगों के समूह के साथ दिल्ली से ताजमहल देखने आगरा आई थीं। उन्होंने आगरा कैंट से टैक्सी ली और गंतव्य पर पहुंचकर टैक्सी को छोड़ दिया। दुर्भाग्य से वह अपना वॉलेट टैक्सी में ही भूल गईं। जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो वह वापस स्टेशन आईं और जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने टैक्सी का नंबर ट्रेस कर उसे तलाशना शुरू कर दिया। पता चला कि टैक्सी महेश उपाध्याय की है। इसके बाद टैक्सी चालक महेश उपाध्याय को जीआरपी ने कॉल कर स्टेशन बुलाया और गाड़ी चेक की। इस दौरान टैक्सी की सीट के नीचे महिला का पर्स मिल गया। टैक्सी में पर्स होने की जानकारी टैक्सी चालक को भी नहीं थी। जीआरपी ने विदेशी महिला पर्यटक को उसका वालेट वापस कर दिया। जिसमें कुछ डॉलर, पासपोर्ट, वीजा और जरूरी कागजात रखे थे। वालेट वापस पाकर महिला काफी खुश हुई। उन्होंने जीआरपी व टैक्सी चालक का धन्यवाद किया।