Wed. Jun 18th, 2025

भराड़ीसैंण में हुई बारिश, अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम? एक क्लिक में पढ़ें

देहरादून :  प्रदेशभर में मौसम का मिजाज सोमवार को भी बदला रहा। पहाड़ से लेकर कुछ मैदानी क्षेत्रों में हल्के बादल छाये रहे। केदारनाथ व टिहरी जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शाम को हल्की वर्षा हुई। मंगलवार को चमोली जिले के भराड़ीसैंण में दोपहर एक बजे बाद बारिश हुई

मंगलवार से अगले तीन दिन राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। केवल अधिक ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल और वर्षा की संभावना है। इसके बाद 17 मार्च को प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। जिससे ऊंचाई वाले अधिकांश इलाकों में वर्षा और हल्की बर्फबारी हो सकती है।

मुनस्यारी में भारी ओलावृष्टि, खलिया तक हिमपात

सीमांत में दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बदला रहा। हिमनगरी मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्र में तेज गरज के साथ ओलावृष्टि और वर्षा हुई। उच्च हिमालय सहित खलिया टाप तक हिमपात हुआ। जिला मुख्यालय में ही हल्की बूंदाबांदी हुई। मदकोट सहित कुछ क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई।

रविवार सायं से जिले में मौसम में बदलाव आया है। रविवार की देर सायं सीमांत तहसील धारचूला में वर्षा हुई । उससे पूर्व अस्कोट, डीडीहाट, बेरीनाग, गंगोलीहाट में तेज गरज के साथ वर्षा हुई। जिला मुख्यालय में मौसम शुष्क बना रहा। सोमवार सायं को एक बार फिर मौसम बदल गया। इस दौरान मुनस्यारी सहित मदकोट व तहसील बंगापानी के अलावा आसपास के क्षेत्रों में वर्षा हुई।

धारचूला में हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चली। जिले के विभिन्न हिस्सों में वर्षा हुई। देर सायं पिथौरागढ़ में भी लंबे समय बाद कुछ क्षणों के लिए हल्की बंूदाबांदी हुई।मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार सायं को मुनस्यारी में मौसम का रौद्र रू प देखने को मिला । तेज गरज के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से साग, सब्जी , फलों सहित रबी की फसल को भारी नुकसान हुआ है।

वहीं उच्च हिमालय में हिमपात जारी रहा। ओलावृष्टि के दौरान खलिया टाप तक हिमपात हुआ। वर्षा , ओलावृष्टि और उच्च हिमालय मे हिमपात से मुनस्यारी के तापमान में गिरावट आ चुकी है। यहां पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

वहीं धारचूला के उच्च हिमालयी दारमा, व्यास में भी हिमपात हुआ है। निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई है। देर सायं तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिला मुख्यालय सहित पिथौरागढ़ क्षेत्र में आसमान के नहीं बरसने से जनता मायूस है।

कहीं-कहीं वर्षा होने और ओलावृष्टि की संभावना

निचले मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं वर्षा होने और ओलावृष्टि की संभावना है। सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गहरे बादल छाये रहे। इस दौरान देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश व डोईवाला में भी दोपहर 12 बजे तक हल्के बादल छाये रहने से तापमान सामान्य बना रहा। इसके बाद हल्की धूप खिली रही।

देहरादून का अधिकतम तापमान 29.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मसूरी का अधिकतम तापमान 25.7 व न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 21.2 व न्यूनतम तापमान 8.5 सेल्सियस रहा।

17 मार्च को बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार से गुरुवार तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 17 मार्च को मौसम बदल सकता है। जिससे पहाड़ों में वर्षा व कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी हो सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed