रोडवेज बसों में सीट के लिए परेशान रहे यात्री, भेजी तीन अतिरिक्त बसें
हल्द्वानी। रोडवेज में नैनीताल, दिल्ली और पहाड़ों को जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। मंगलवार को नैनीताल आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने के चलते बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ी। इस दौरान यात्रियों का कहना था कि घंटों इंतजार के बावजूद नैनीताल के लिए बस नहीं मिल पा रही है। इधर रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि नैनीताल रूट पर यात्रियाें की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी
मंगलवार दोपहर नैनीताल जाने के लिए यात्रियों की बढ़ गई। इस वजह से रोजवेज में बसों में सीट पाने के लिए यात्री धक्का-मुक्की करते नजर आए। इस दौरान महिलाएं और बच्चे बसों में चढ़ नहीं पाए। कई यात्री सुबह से ही बसों का इंतजार करते रहे। दोपहर में संख्या बढ़ने के बाद रोडवेज से तीन अतिरिक्त बसेें भेजी गईं। इसके अलावा शाम तक तीन बसों के तीन अतिरिक्त चक्कर लगवाए गए।
रामनगर से नैनीताल जाने के लिए सुबह से आए हैं। दो घंटे खड़े रहने के बावजूद बस नहीं मिली। जो भी बस आ रही है उसमें यात्रियों के उतरने तक दूसरे यात्री धक्का-मुक्की देकर बस में चढ़ जा रहे हैं। – महेंद्र, यात्री।
दिल्ली से नैनीताल घूमने आए हैं लेकिन बस नहीं मिलने के चलते सुबह से रोडवेज स्टेशनों पर खड़े रहना पड़ा है। अभी भी बस नहीं मिल पाई है। सीजन को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। – हेमंत, यात्री।
बसों में कमी होने के चलते महिलाओं को भीड़भाड़ के बीच बस में चढ़ने में परेशानी होती है। महिलाओं के लिए आरक्षित सीट पर भी पुरुषों का कब्जा हो जाता है। खड़े-खड़े ही बस में यात्रा करनी पड़ती है। – गीता, महिला यात्री।
यात्री अधिक होने पर बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। बसों में महिलाओं और बच्चों को चढ़ने में समय लगता है। बसें कम होने पर महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। – सीमा, महिला यात्री।
यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई गई है। नैनीताल के लिए अतिरिक्त बसें लगाने की व्यवस्था करने के साथ ही तीन गाड़ियों के फेरे भी बढ़ाए गए। – सुरेंद्र सिंह बिष्ट, एआरएम, हल्द्वानी डिपो