Wed. Apr 30th, 2025

नशा तस्करी और स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश प्राथमिकता : अजय

राजधानी के नए पुलिस कप्तान अजय सिंह ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग फ्री देवभूमि अभियान को आगे बढ़ाना है। इसके लिए सख्ती और जागरूकता दोनों को आधार बनाया जाएगा।

शहर की सबसे बड़ी समस्या स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए भी बड़े पैमाने पर काम किया जाएगा। इसके अलावा भू-माफिया पर अंकुश लगाना, हेट स्पीच पर लगाम कसना आदि सभी को भी उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने झंडा बाजार स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने एसपी ट्रैफिक सर्वेश पंवार से पद ग्रहण किया। पूर्व पुलिस कप्तान दलीप सिंह कुंवर के जाने के बाद आईपीएस पंवार को अस्थाई चार्ज दिया गया था।

प्राथमिकताएं गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2025 तक ड्रग फ्री देवभूमि का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सख्ती से काम किया जाएगा। हर थाने में शनिवार को चौपाल लगाई जाएगी। ताकि, लोगों को इसके लिए जागरूक किया जा सके। दो मोबाइल नंबर लोगों को दिए जाएंगे, जिस पर वे नशा बेचने वालों की जानकारी दे सकते हैं। सूचना देने वालों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे।

ये भी रहेंगी प्राथमिकताएं
– हेट स्पीच पर अंकुश लगाया जाएगा। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।
– राजधानी की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
– थाने से पीड़ितों को लौटाने वालों का रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा। इसके लिए एक रजिस्टर बनाकर शिकायतों की सूची बनाई जाएगी।
– भू-माफिया पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी। उनकी संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।
– नशा तस्करों की संपत्तियों को भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *