Wed. May 28th, 2025

मुनि की रेती पालिका को मिला ए ग्रेड

मुनि की रेती ढालवाला पालिका को उच्चीकृत कर ग्रेड ए में शामिल किया गया है। पालिका ने करीब छह माह पूर्व शहरी विकास मंत्रालय को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा था। जिसे बीते अगस्त में मंत्रालय ने अनुमोदित कर दिया था। अब कैबिनेट ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।

मुनि की रेती ढाल वाला ए ग्रेड की पालिका में शामिल होने वाली प्रदेश की सातवीं नगर पालिका है। वर्तमान में मुनि की रेती नगर पालिका में 11 वार्ड हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर यहां की जनगणना करीब 30 हजार थी। वतर्मान में यहां की अनुमानित आबादी 45 हजार से अधिक है। पालिका के उच्चीकृत होने पर स्थानीय निवासियों को भी इसका फायदा मिलेगा।

केंद्र सरकार की अधिकांश बड़ी योजनाएं ए ग्रेड की पालिकाओं में संचालित की जाती हैं। अब मुनि की रेती पालिका क्षेत्र में भी केंद्र सरकार की बड़ी योजनाओं का स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही पालिका का बजट भी बढ़ जाएगा।

पालिका के एक ग्रेड में उच्चीकृत होने पर सहायक अभियंता, कर एवं राजस्व अधीक्षक, मुख्य सफाई निरीक्षक, लेखाकार सहित अन्य पदों में वृद्धि होगी। जिससे निकाय अपने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का और अधिक रूप से निरीक्षण कर सकती है तथा करों के निर्धारण में अधिक वृद्धि कर सकती है।

वर्ष 1997 तक इस क्षेत्र की टाउन एरिया में गिनती होती थी। वर्ष 1998 में इसे नगर पंचायत मुनि की रेती का स्वरूप दिया गया। नगर पंचायत के बेहतर प्रदर्शन के आधार पर वर्ष 2014 में इसे ग्रेड-02 की नगर पालिका परिषद में उच्चीकृत किया गया।

नगर पालिका परिषद मुनि की रेती वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2021-22 तक लगातार चार बार स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान पर काबिज है। इससे पूर्व भी पालिका वर्ष 2015-16 में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट पुरस्कार भी हासिल कर चुकी है। यहीं नहीं, ऑल इंडिया रैंकिंग में भी पालिका वर्ष 2021-22 में देश में पांचवें स्थान पर काबिज है।
मुनि की रेती ढालवाला पालिका को ग्रेड 2 से ग्रेड वन में उच्चीकृत किया गया है। इससे पालिका प्रशासन के साथ ही स्थानीय निवासियों को भी फायदा होगा। पालिका में अधिकारियों व कर्मचारियों के पदों मे भी वृद्धि होगी। -तनवीर मारवाह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुनि की रेती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed