Wed. Jun 18th, 2025

हिमाचल के सभी पुस्तकालय होंगे डिजिटल, उच्च शिक्षा निदेशालय ने शुरू की प्रक्रिया

हिमाचल में सभी पुस्तकालय ऑनलाइन होंगे। पुस्तकालयों को डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पाठकों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए हजारों रुपये खर्च करके पुस्तकें भी नहीं खरीदनी पड़ेंगी। स्कूलों के पुस्तकालयों को भी डिजिटल किया जाएगा। पुस्तकालयों में मौजूद पुस्तकों को भी धरोहर के रूप में संभालकर रखा जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने राजा राम मोहन राय पुस्तकालय फाउंडेशन कोलकाता के साथ मिलकर पुस्तकालयों को डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए संस्कृति मंत्रालय से फंड जारी होगा। स्कूलों के पुस्तकालयों को भी डिजिटल किया जाएगा। इसका कार्यभार समग्र शिक्षा को सौंपा है।

इन पुस्तकालयों को राष्ट्र डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ा जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय के मुताबिक शुरुआत में ऐतिहासिक, दीमक और खराब होने की स्थिति में पुस्तकों को डिजिटल किया जाएगा। इसके बाद नई अन्य किताबों को डिजिटल करने की प्रक्रिया होगी। वर्तमान समय में राजधानी के तीनों राज्य पुस्तकालय में 77,600 के करीब पुस्तकों का संग्रह है। उच्च शिक्षा निदेशालय के लाइब्रेरियन टीआर शर्मा ने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय के सचिव के आदेश पर प्रदेश के पुस्तकालयों को डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुस्तकालयों से किताबों की संख्या का डाटा एकत्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आदेश अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोटा शिमला और उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली को डिजिटल किया है। इसमें कॉलेज का पुस्तकालय तो डिजिटल हो गया है और स्कूलों में अभी काम चला हुआ है। जिला शिमला में सात पुस्तकालय हैं। इसमें एक जिला पुस्तकालय ठियोग में है। इसके अलावा तीन राज्य पुस्तकालय हैं। इसमें भीमराव आंबेडकर चौड़ा मैदान, गांधी भवन और मालरोड शामिल है। एक अनुवाद केंद्र पुस्तकालय रोहड़ू के अलावा रामपुर और कोटखाई में तहसील पुस्तकालय में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed