Sat. May 3rd, 2025

मुनस्यारी में जारी है बर्फबारी, बर्फीली हवाओं से पिथौरागढ़ में माइनस में पहुंचा पारा

पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मंगलवार को मौसम में अचानक बदलाव आ गया, बगैर वर्षा के ही पारा माइनस में चला गया। धूप खिलने के बाद भी सर्द हवाएं चली। जिले की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ और तहसील मुख्यालय मुनस्यारी में बगैर वर्षा के ही हिमकण गिरने लगे

जिला मुख्यालय में सुबह कुछ देर बादल छाये रहे। वर्षा का अनुमान गलत साबित हुआ। दिन में धूप खिली, लेकिन धूप के साथ ही दिनभर ठंडी हवाएं चलती रही। तीखी हवाओं के चलते धूप में भी गर्मी का अहसास नहीं हुआ। दोपहर बाद सर्द हवाएं और तेज हो गई।

मंगलवार को न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज हुआ। ठंड के चलते दिन ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया। बाजार भी जल्दी बंद हो गया। सीमांत तहसील मुनस्यारी में मंगलवार को कड़ाके की ठंड का अहसास लोगों को हुआ।

बादल छाये होने के बावजूद वर्षा नहीं हुई, सीधे हिमकण गिरने से तापमान दिन में ही माइनस में चला गया। मुनस्यारी में रात का तापमान माइनस चार डिग्री तक पहुंचने लगा है। पंचाचूली, राजरंभा, हंसालिंग में जमकर हिमपात हुआ। हिकमण गिरने से तहसील मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *